
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest )
Dhar: मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास महाकाल के दर्शन कर गुजरात लौट रहे श्रद्धालुओं की वैन को अनियंत्रित ट्रॉले ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक गुजरात के बड़ोदरा शहर के रहने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक ट्रॉला बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। ट्रॉले में लोहे का सामान भरा हुआ था। इसी दौरान सामने से आ रही मारुति ईको वैन से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में पुलिस की मदद की।
वैन में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर वे घर से बाहर आए तो वैन में लोग फंसे हुए थे। पुलिस को सूचना देने के बाद गेट को ग्राइंडर से काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, एसपी सचिन शर्मा और एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने गुजरात में मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। शवों का पंचनामा बनाकर बदनावर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
भीषण हादसे के बाद बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात को सुचारू कराया।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रॉला चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Location : Dhar
Published : 10 August 2026, 10:58 AM IST
Topics : Dhar Accident Mahakal Darshan MP News