
थाना बिथरी, बरेली
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में एयर गन से बंदर को गोली मारकर मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि बंदर को मारने के बाद आरोपी ने खुद एक पशु प्रेमी को फोन कर शव ले जाने के लिए बुलाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने एक वीडियो भी भेजा, जिसमें उसके हाथ में एयर गन दिखाई दे रही है। पशु प्रेमी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
शिकायतकर्ता पशु प्रेमी धीरज पाठक के मुताबिक, 31 अक्टूबर को एक युवक ने उन्हें फोन किया। युवक ने बताया कि उसने एक बंदर को मार दिया है और उसका शव आकर ले जाएं। इसके साथ ही उसने एक वीडियो भी भेजा, जिसमें उसके हाथ में एयर गन दिखाई दे रही थी।
धीरज पाठक का आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने बंदर को मारने की बात स्वीकार भी की थी। घटना से संबंधित वीडियो और अन्य जानकारी उनके पास मौजूद है।
आरोप है कि बंदर की हत्या करने के बाद युवक घटनास्थल की जानकारी देने से बचता रहा। उसे पकड़े जाने का डर था, इसलिए वह लगातार जगह बताने में टालमटोल करता रहा। बाद में बंदर का शव शिकायतकर्ता के ऑटो चालक साथी मदन कश्यप को सौंप दिया गया।
घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में है, इसकी जानकारी नहीं मिलने पर धीरज पाठक ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के बाद बारादरी पुलिस ने मामले की जांच की। जांच में घटनास्थल बीडीए कॉलोनी, डोहरा रोड स्थित बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में पाया गया। इसके बाद मामले में संबंधित थाने में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई।
धीरज पाठक ने अपनी शिकायत में आरोपी की पहचान दीपक के रूप में की। उन्होंने एयर गन से बंदर को मारने के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद बिथरी चैनपुर पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Bareilly
Published : 24 November 2026, 3:43 PM IST
Topics : accused Deepak animal lover Dheeraj Pathak Bareilly monkey killing case Bareilly Crime News killing of a monkey using an air gun