
अखाड़ा घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन (Source: Pinterest)
Mirzapur : मां गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी है। लोगों को जागरूक करने के साथ ही गंगा तट के सभी प्रमुख घाटों पर नियमित आरती का आयोजन होना चाहिए। यह बात भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने विंध्याचल के अखाड़ा घाट पर आयोजित मां गंगा की भव्य आरती के दौरान कही।
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मोक्षदायिनी मां गंगा सेवा समिति की ओर से अखाड़ा घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोज जायसवाल शामिल हुए। विधि-विधान से मां गंगा का पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लेकर परिवार की सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। गंगा तट पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मनोज जायसवाल ने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक हैं। उनकी पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। केवल सरकारी योजनाओं के भरोसे गंगा को स्वच्छ नहीं रखा जा सकता। इसके लिए आम लोगों को भी जागरूक होकर अभियान में सहयोग करना होगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि गंगा में स्नान करते समय साबुन और शैंपू का इस्तेमाल न करें। घरों से निकलने वाला कचरा और अपमार्जक सामग्री भी नदी में न डालें। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सकता है। उनकी इच्छा है कि गंगा तट के सभी प्रमुख घाटों पर नियमित आरती हो, जिससे आस्था के साथ स्वच्छता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचे।
समिति के सचिव रामलाल साहनी और कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2009 से लगातार मां गंगा की आरती आयोजित की जा रही है। श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों के सहयोग से यह परंपरा आगे बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से आरती में शामिल होने और गंगा की स्वच्छता बनाए रखने में योगदान देने की अपील की।
गंगा आरती प्रमुख सोना द्विवेदी ने कहा कि आरती में शामिल होने से आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने लोगों से परिवार के साथ धार्मिक आयोजनों में भाग लेने और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान साजन साहनी ने मुख्य अतिथि मनोज जायसवाल को मां गंगा की तस्वीर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर गोविंदा साहनी, नीरज साहनी, राजू साहनी, सचिन साहनी, राहुल निषाद, राहुल साहनी, अर्जुन साहनी, पवन साहनी, मंटू, मनोज गुप्ता और विकास साहनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Location : Mirzapur
Published : 15 October 2026, 10:48 AM IST