त्रिभुवन पांडेय हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, गैंग्स्टर एक्ट के तीन आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज थाना क्षेत्र के चर्चित त्रिभुवन पांडेय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंग्स्टर एक्ट के तहत वांछित तीन आरोपियों को बुधवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 June 2026, 6:02 PM IST

Azamgarh: महराजगंज थाना क्षेत्र के चर्चित त्रिभुवन पांडेय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंग्स्टर एक्ट के तहत वांछित तीन आरोपियों को बुधवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर आराजी जजमनजोत गांव में दबिश दी। इस दौरान गैंग्स्टर एक्ट में वांछित अमरनाथ यादव, रामभवन पांडेय और आदित्य पांडेय को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार की तहरीर पर गैंग लीडर अमरनाथ यादव निवासी आराजी जजमनजोत समेत उसके सहयोगियों रामभवन पांडेय, दीनदयाल पांडेय और आदित्य पांडेय के खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि यह गिरोह आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और क्षेत्र में भय का माहौल बनाता था।

जमीन विवाद में हुई थी हत्या

पुलिस जांच के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2025 को बैनामा की गई जमीन को लेकर हुए विवाद में त्रिभुवन पांडेय की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद शव को बैरिया नदी के किनारे फेंक दिया गया था। घटना के बाद महराजगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच में सामने आए नए तथ्य

विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। जांच में प्रारंभिक नामजद आरोपी श्रीराम यादव की संलिप्तता नहीं पाई गई, जबकि अमरनाथ यादव, रामभवन पांडेय, दीनदयाल पांडेय और आदित्य पांडेय के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

Location :  Major Action in Tribhuvan Pandey Murder Case: Three Accused Arrested Under Gangster Act

Published :  3 June 2026, 5:44 PM IST