
गूगल से मिले नंबर पर किया था संपर्क (Img: Dynamite News)
Mainpuri: ऑनलाइन सरिया खरीदने की कोशिश एक व्यक्ति के लिए भारी पड़ गई। साइबर ठगों ने मकान निर्माण के लिए सरिया खरीदने के बहाने संपर्क करने वाले व्यक्ति से 6 लाख 97 हजार रुपये ठग लिए। मामले की जांच में मैनपुरी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भोगांव थाना क्षेत्र के अवंतीबाई नगर निवासी सोरन सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह मकान निर्माण के लिए ऑनलाइन सरिया खरीदना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने गूगल से मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
आरोप है कि बातचीत के बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग बहानों से उनसे 6.97 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना मैनपुरी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे गिरोह का पता चला, जो लोगों के नाम पर फर्जी तरीके से बैंक खाते और मोबाइल सिम उपलब्ध कराता था।
पुलिस ने इस मामले में सुल्तानपुर निवासी हिमांशु श्रीवास्तव, कन्नौज निवासी नीलेश उर्फ शिवा यादव और विमल यादव को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जिओ पेमेंट बैंक की एजेंट आईडी के माध्यम से फर्जी खाते खुलवाते थे। इसके लिए सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और मुफ्त पैन कार्ड बनवाने जैसे झांसे देकर लोगों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का इस्तेमाल किया जाता था।
आरोपियों ने पूछताछ में करीब 200 फर्जी खाते खुलवाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, इन खातों और सिम कार्ड को आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया जाता था। जांच में सामने आया कि कुछ खाते बिहार शरीफ निवासी राहुल नाम के व्यक्ति को दिए गए थे, जिससे टेलीग्राम के जरिए संपर्क किया गया था।
Triumph Speed Twin 1200 TFC की भारत में एंट्री, मिलेंगे कमाल के फीचर्स और स्पोर्टी लुक, जानिये कीमत
जिन लोगों के नाम पर खाते खोले गए, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 जिओ पेमेंट बैंक किट, आठ मोबाइल फोन और 10,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में इस मुकदमे में इस्तेमाल सात बैंक खाते भी इसी नेटवर्क से जुड़े मिले हैं।
एक शिकायत, 8 लाख का दावा और उठे कई सवाल… महराजगंज आबकारी मामले में आखिर क्या है पूरा सच?
अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी खातों का इस्तेमाल किन-किन राज्यों में साइबर अपराध के लिए किया गया।
एसपी मैनपुरी गणेश प्रसाद साहा ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को आधार कार्ड, ओटीपी या बायोमेट्रिक जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
Location : Mainpuri
Published : 15 July 2026, 5:14 PM IST