‘खाने में जहर का शक या कोई खौफनाक साजिश’? 10 महीने की मासूम के बाद पैरोल पर छूटे कैदी ने त्रिशूल से क्यों उजाड़ दी अपनी ही दुनिया!

महोबा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रंगौलिया बुजुर्ग गांव में पैरोल पर घर आए उम्रकैद की सजा काट रहे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर त्रिशूल से हमला कर हत्या कर दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 September 2026, 3:51 PM IST

Mahoba: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रंगौलिया बुजुर्ग गांव में पैरोल पर घर आए उम्रकैद की सजा काट रहे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर त्रिशूल से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी उसके खाने में जहरीला पदार्थ मिला रही है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पैरोल पर घर आया था आरोपी

रंगौलिया बुजुर्ग गांव निवासी कल्लन रैकवार पहले से ही एक गंभीर अपराध में सजा काट रहा है। जानकारी के अनुसार, करीब 10 माह की अपनी नातिन की हत्या के मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह सतना जेल में सजा काट रहा था। हाल ही में वह पैरोल पर जेल से बाहर आया और अपने गांव स्थित घर पहुंचा था। परिवार के लोगों के मुताबिक, घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर उसका पत्नी चंपा से विवाद हो गया।

ये भी पढ़ें: ब्लाउज-पेटीकोट और जूतों की माला… महोबा कांड में BJP विधायक का वीडियो वायरल

खाने में जहर मिलाने का था शक

बताया जा रहा है कि कल्लन को अपनी पत्नी पर शक था कि वह उसके खाने में जहरीला पदार्थ मिला रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में कल्लन ने घर में मौजूद त्रिशूल से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में चंपा को गंभीर चोटें आईं। चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों को जैसे ही वारदात की जानकारी हुई, वहां चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद परिजनों को दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने अपने परिजनों को पत्नी पर हमला किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी कल्लन को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हत्या से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित किया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और चोटों से जुड़ी स्थिति की भी अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

ये भी पढ़ें: टूटी सड़क ने बच्चों का तोड़ा सब्र, हाईवे पर बैठ गए सैकड़ों छात्र; महोबा पुलिस पर घसीटने का आरोप

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

एएसपी वंदना सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पत्नी के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाने के शक को लेकर पति ने उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और हत्या से पहले घर में क्या हुआ था। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mahoba

Published :  14 September 2026, 3:51 PM IST