
मैनपुरी में 17 टन LPG से भरा टैंकर पलटा (IMG: Dynamite News)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एलपीजी गैस से भरा एक कैप्सूल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर में करीब 17 टन एलपीजी भरी हुई थी। हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने बिना देर किए आसपास का करीब दो किलोमीटर इलाका सील कर दिया। लोगों की आवाजाही रोक दी गई और सड़क पर वाहनों का आवागमन भी बंद कर रूट डायवर्ट कर दिया गया।
हादसा दन्नाहार थाना क्षेत्र में ग्राम हुमायूं पुर और बॉट्रॉली के बीच मैनपुरी-घिरोर मार्ग पर हुआ। टैंकर मथुरा रिफाइनरी से करीब 17 टन एलपीजी गैस लेकर नेपाल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक गोवंश सामने आने की बात सामने आई। चालक दिनेश चंद्र के मुताबिक, गोवंश को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
कैप्सूल टैंकर के सड़क पर पलटते ही उसमें से एलपीजी गैस का रिसाव शुरू हो गया। ज्वलनशील गैस होने की वजह से पुलिस और प्रशासन ने इसे गंभीर स्थिति मानते हुए तत्काल आसपास के इलाके को खाली कराना शुरू कर दिया। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल के आसपास करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी। इस इलाके में लोगों और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। सुरक्षा को देखते हुए किसी भी व्यक्ति को घटनास्थल के करीब जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
नहर किनारे घेराबंदी कर पकड़ा संदिग्ध, तलाशी लेते ही उड़े पुलिस के होश मैनपुरी पुलिस का बड़ा एक्शन
गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही आसपास रहने वाले लोगों को भी सतर्क कर दिया गया। पुलिस ने इलाके के होटल और घरों में रहने वाले लोगों को अलर्ट करते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी तरह की आग या ज्वलनशील वस्तु का इस्तेमाल न करें। प्रशासन की ओर से गैस रिसाव को देखते हुए पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है। पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने का प्रयास कर रहे हैं।
हादसे के बाद मैनपुरी-घिरोर मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजना शुरू कर दिया है। इससे इस रूट पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घिरोर की ओर से आने वाले वाहनों को घिरोर गोल चक्कर से कुरावली रोड की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं मैनपुरी की ओर जाने वाले वाहनों को ज्योति रोड के रास्ते भेजा जा रहा है। यह डायवर्जन तब तक लागू रहेगा, जब तक घटनास्थल पर स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मथुरा और कानपुर से रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया है। इसके अलावा रिफाइनरी के अधिकारियों के भी घटनास्थल पर पहुंचने की जानकारी है। फिलहाल गैस का रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। ऐसे में टैंकर के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने के बजाय विशेषज्ञ टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। रेस्क्यू टीम के आने के बाद टैंकर में मौजूद एलपीजी को सुरक्षित तरीके से हटाने और रिसाव रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
टैंकर चालक दिनेश चंद्र हादसे में सुरक्षित बताया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि गैस रिसाव के कारण इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। सबसे पहले आवागमन को रोका गया और करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बंद कराई गई। उन्होंने बताया कि रूट डायवर्ट कर दिया गया है और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है।
Location : Mainpuri
Published : 8 September 2026, 1:14 PM IST