कानपुर देहात में सनसनी: सड़क किनारे खेत में मिला युवक का शव, ग्रामीणों का शक…

कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सलेमपुर महेरा गांव के पास खेत में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।

Post Published By: MOHIT BATHAM KANPUR
Updated : 29 May 2026, 1:50 PM IST
google-preferred

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सलेमपुर महेरा गांव के पास खेत में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

सनसनीखेज खबर मिलते ही हड़कंप... पुलिस की जांच शुरू

मिली जानकारी के मुताबिक, सलेमपुर महेरा गांव के ग्राम प्रधान अर्जुन सिंह गौर ने पुलिस को सूचना देकर बताया कि मुंडाकुंआ से भवनपुर जाने वाले मार्ग के किनारे पप्पू तिवारी के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर रसूलाबाद कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। खेत में पड़े शव की हालत बेहद खराब थी और शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

अज्ञात शव की पहचान कराने में जुटी पुलिस 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कर जांच शुरू की। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद आलोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक शिवनारायण सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।

शरीर पर पहने कपड़ो से हो सकती शिनाख्त 

प्रभारी निरीक्षक शिवनारायण सिंह ने बताया कि मृतक युवक ने काला पेंट, नीले रंग की अंडरवियर, नीली बनियान और ऊपर सफेद रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने के कारण पहचान करने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतक की पहचान कर घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

ग्रामीणों में हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

इलाके में युवक का शव मिलने से घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ पहुंच गई और शव को देखते ही चर्चा होने लगी कि हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है। वहीं, पुलिस भी तमाम बिंदुओं पर जांच में जुटी है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  29 May 2026, 1:50 PM IST

Advertisement