
मैक्स गाड़ी की टक्कर से 8 वर्षीय छात्रा की मौत (Img- Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में अलीगढ़ रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा दो की 8 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। हादसा कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में जीएलएस पब्लिक स्कूल के पास हुआ, जहां मैक्स गाड़ी की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक छात्रा की पहचान अनुष्का के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह स्कूल की छुट्टी के बाद अपने भाई-बहनों के साथ घर वापस जा रही थी। इसी दौरान स्कूल के पास सड़क किनारे बैठकर वह अपने जूते के फीते बांध रही थी।
इसी दौरान वहां से गुजर रही मैक्स गाड़ी ने बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
परिजन और आसपास के लोग गंभीर हालत में अनुष्का को जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के बाद छात्रा के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
8 वर्षीय अनुष्का की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल मैक्स गाड़ी और चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Hathras
Published : 2 September 2026, 4:49 PM IST