
खेत में करंट लगने से 10-12 बंदरों और दो कुत्तों की मौत (Img: Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस में खेत के चारों ओर लगे तारों की चपेट में आने से करीब 10 से 12 बंदरों और दो कुत्तों की मौत हो गई। शुक्रवार शाम थाना हाथरस गेट क्षेत्र की न्यू गढ़ी तमन्ना कॉलोनी में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित खेत पूरन प्रकाश पुत्र दामोदर सिंह का है। आरोप है कि खेत के चारों ओर लगाए गए तारों में बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। इसी की चपेट में आने से बंदरों और कुत्तों की मौत हुई। लोगों ने दावा किया कि करीब छह से सात महीने पहले भी इसी खेत में करंट लगने से एक भैंस की मौत हो गई थी। हालांकि, तारों में करंट छोड़े जाने और जानवरों की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हाथरस में 1200 से ज्यादा वोटर वाले बूथों का होगा बंटवारा, 24 अक्टूबर को नाम जुड़वाने का मौका
घटना के बाद आसपास बंदरों का झुंड एकत्रित हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बड़ी संख्या में बंदरों की मौजूदगी से कॉलोनी में भय का माहौल बन गया। कई परिवार एहतियातन अपने घरों के अंदर ही रहे। अंधेरा होने के बाद बंदरों का झुंड वहां से चला गया।
सूचना मिलने पर थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जानकारी जुटाई। इसके बाद गौरक्षकों और पशु प्रेमियों ने मृत बंदरों को एकत्रित कर उनका अंतिम संस्कार किया। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राकेश चंद्र यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
UP PET 2026: हाथरस में 39,456 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 16 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस घटना के बाद खेतों के आसपास लगाए जाने वाले तारों की सुरक्षा और वन्यजीवों की हिफाजत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बंदरों और कुत्तों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
Location : Hathras
Published : 17 October 2026, 3:50 PM IST
Topics : Dogs Death Forest department investigation hathras news Monkeys Electrocuted Wildlife Safety