Hamirpur Bridge Collapse: 6 श्रमिकों की मौत का दोषी कौन?

हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल आंधी-तूफान के दौरान ढह गया। हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू अभियान जारी है।

Post Published By: Komal Pandey
Updated : 29 May 2026, 12:11 PM IST

Hamirpur Bridge Collapse:  उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहा निर्माणाधीन पुल अचानक ढह गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हादसा आंधी-तूफान और तेज बारिश के बीच हुआ, जब पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नदी में गिर गया।

रात 3 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

यह हादसा गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि उस समय कई मजदूर पुल के नीचे ही सो रहे थे, क्योंकि सुबह होते ही वे फिर से काम में लग जाते थे। अचानक हुए इस हादसे में कई मजदूर मलबे में दब गए।

5 मजदूरों की मौत, कई के फंसे होने की आशंका

अब तक मिली जानकारी के अनुसार हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो चुकी है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि कई मजदूर अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं। प्रशासन ने मौत का आंकड़ा बढ़ने की भी संभावना जताई है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कई थानों की पुलिस मौके पर

घटना के बाद मौके पर कई थानों की पुलिस, प्रशासनिक टीम और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों और परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ।

वैष्णो देवी यात्रा से पहले घर के बाहर क्यों हुआ बवाल? महराजगंज में परिवार पर हमला बना रहस्य!

राजनीतिक कनेक्शन भी आया सामने

जानकारी के अनुसार यह पुल राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद की पहल पर मंजूर हुआ था और उनके पैतृक गांव मोरकंदर परसानी के पास इसका निर्माण चल रहा था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में गम और गुस्से का माहौल है।

Location :  Hamirpur

Published :  29 May 2026, 11:39 AM IST