अगर कोई नीचे होता तो बड़ा हादसा हो जाता… ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिल्डरों को नहीं है लोगों की जान की परवाह, फिर हुआ बड़ा हादसा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में प्लास्टर गिरने की दो घटनाओं ने हाईराइज इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक घटना में कमरे की छत का हिस्सा सीधे बेड पर गिरा, जबकि दूसरी बार 16वीं मंजिल से प्लास्टर का टुकड़ा नीचे आ गिरा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 July 2026, 3:05 PM IST

Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में प्लास्टर गिरने की लगातार दो घटनाओं ने हाईराइज इमारतों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कमरे की छत का बड़ा हिस्सा सीधे बेड पर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय बेड पर कोई नहीं था। फिर 16वीं मंजिल से प्लास्टर का एक टुकड़ा नीचे खुले क्षेत्र में आ गिरा। दोनों घटनाओं में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन अगर नीचे या कमरे में कोई मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बेड पर गिरा छत का बड़ा हिस्सा

निवासियों के मुताबिक, पहली घटना देर रात करीब एक बजे हुई। अचानक कमरे की छत से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे बेड पर आ गिरा। उस समय बेड पर कोई मौजूद नहीं था। हालांकि पास में बैठे दो लोग अचानक हुई तेज आवाज और प्लास्टर गिरने से सहम गए। उनकी आंखों में भी मिट्टी चली गई, जिसके बाद उन्हें डॉक्टर को दिखाना पड़ा। घटना के बाद परिवार के लोगों में काफी डर का माहौल बन गया।

ये भी पढ़ें- जिस पति ने दहेज में स्कॉर्पियो के लिए किया था पत्नी का मर्डर, उसी ने खुद को क्यों मारी गोली? जांच-पड़ताल में क्या आया सामने?

16वीं मंजिल से गिरा प्लास्टर का टुकड़ा

पहली घटना के कुछ ही घंटे बाद दूसरी घटना सामने आई। इस बार सोसायटी की 16वीं मंजिल से प्लास्टर का एक टुकड़ा नीचे खुले क्षेत्र में आ गिरा। यह हिस्सा पार्किंग एरिया में जाकर गिरा। गनीमत रही कि जिस समय प्लास्टर नीचे गिरा, वहां कोई मौजूद नहीं था। निवासियों का कहना है कि अगर उसी समय कोई व्यक्ति वहां से गुजर रहा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।

निवासियों ने बिल्डर पर लगाए गंभीर आरोप

सोसायटी के लोगों का आरोप है कि बिल्डिंग के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा लंबे समय से इमारत के रखरखाव पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि तेज हवा चलने पर कई जगहों से प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे सोसायटी में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा लगातार खतरे में है।

ये भी पढ़ें- पत्नी को ढूंढते-ढूंढते पहुंच गया रिश्तेदार के घर… मासूम बच्ची को उठाने की कोशिश, फिर हुआ कुछा ऐसा…

आदेश के बाद भी नहीं हुआ काम

निवासियों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से बिल्डर प्रबंधन को बिल्डिंग का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने के निर्देश पहले भी कई बार दिए जा चुके हैं, लेकिन आज तक यह काम पूरा नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इमारत की मजबूती की जांच करा ली जाती तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। निवासियों ने प्राधिकरण और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

लोगों में बढ़ रहा डर

लगातार दो दिनों में प्लास्टर गिरने की घटनाओं के बाद सोसायटी के लोगों में डर का माहौल है। निवासियों का कहना है कि केवल हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। अब लोग बिल्डिंग का जल्द से जल्द स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने और जर्जर हिस्सों की मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

Location :  Greater Noida

Published :  18 July 2026, 3:05 PM IST