दोस्त के घर काम करने आया था, सुबह छत पर मिला शव! गोरखपुर की इस मौत ने सबको हिला दिया

गोला थाना क्षेत्र के अतरौरा वार्ड नंबर चार में मंगलवार सुबह एक मकान की छत पर 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक मकान में संचालित क्लिनिक के संचालक का दोस्त था और करीब एक सप्ताह पहले ही काम की तलाश में उसके पास आया था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 4:31 PM IST

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के अतरौरा वार्ड नंबर चार में मंगलवार सुबह एक मकान की छत पर 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक मकान में संचालित क्लिनिक के संचालक का दोस्त था और करीब एक सप्ताह पहले ही काम की तलाश में उसके पास आया था। प्रारंभिक जांच में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। युवक के शरीर पर कई जगह जलने के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक सप्ताह पहले दोस्त के पास आया था दीपक

जानकारी के अनुसार, गगहा थाना क्षेत्र के नगवा जगदीशपुर भलुआन निवासी प्रमोद तिवारी के पुत्र अंकित तिवारी अतरौरा वार्ड नंबर चार में निजी क्लिनिक और मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। वह परिवार के साथ इसी मकान में रहते हैं। करीब एक सप्ताह पहले बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के गनेशपुर निवासी जगदीश अग्रवाल का 27 वर्षीय पुत्र दीपक अग्रवाल काम के सिलसिले में अपने मित्र अंकित के पास आया था। वह मेडिकल स्टोर पर काम करने लगा था। रात में मकान की छत पर बने कमरे में सोता था, जबकि अंकित का परिवार नीचे रहता था।

मां के फोन से खुला घटना का मामला

मंगलवार सुबह करीब सात बजे दीपक की मां ने अंकित को फोन कर बताया कि उनका बेटा फोन नहीं उठा रहा है। इसके बाद अंकित छत पर बने कमरे में उसे देखने पहुंचा। कमरे में दीपक नहीं मिला तो उसने छत के दूसरे हिस्से में तलाश शुरू की। वहां बारजे पर दीपक का शव पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की।

एक सप्ताह पहले दोस्त के पास आया था दीपक (Img: Dynamite News)

हथेलियों, पेट और पैरों पर मिले जलने के निशान

अंकित ने पुलिस को दी गई तहरीर में आशंका जताई है कि छत के समीप से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दीपक की मौत हुई है। मृतक की दोनों हथेलियों, पेट और पैर के पंजों पर जलने के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा छत के पास लगे हाईटेंशन तार और रेलिंग पर भी जलने के निशान मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, युवक किस समय और किन परिस्थितियों में तार की चपेट में आया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

दस माह पहले हुई थी शादी, मंगलवार को जाना था घर

बताया जा रहा है कि दीपक की शादी करीब दस माह पहले हुई थी। इससे पहले वह नेपाल में एक परिचित के यहां नौकरी करता था। वहां से लौटने के बाद करीब एक सप्ताह पहले गोला आया था। मंगलवार को उसे बाराबंकी स्थित अपने घर जाना था। इसके बाद वह पत्नी को साथ लेकर वापस आने वाला था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

Pakistani OTT Series: फवाद-माहिरा की सीरीज पर बवाल, भारत में बैन की मांग लेकर PM मोदी तक पहुंचा मामला

मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगालेगी पुलिस

थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वे बाराबंकी से आ रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  24 November 2026, 4:26 PM IST