
Representational Image
Bijnore: बिजनौर के नूरपुर क्षेत्र में दोस्त की जन्मदिन पार्टी में आए अमरोहा निवासी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पार्टी में शामिल एक युवक ने बहाने से अपने घर बुलाया और रास्ते में साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमरोहा जनपद के थाना नौगांव सादात क्षेत्र के गांव आल्हैदादपुर टांडा निवासी 23 वर्षीय लोकेश उर्फ टंडेल पुत्र जीवन सिंह की दोस्ती बिजनौर के गांव शिवाला कला निवासी विशाल पाल से थी। गुरुवार को विशाल पाल के घर जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें शामिल होने के लिए लोकेश अमरोहा से बिजनौर पहुंचा था। पार्टी में विशाल के अन्य दोस्त भी मौजूद थे और सभी मिलकर जश्न मना रहे थे।
बताया गया कि शिवाला कला निवासी सिंटू उर्फ सचिन भी पार्टी में शामिल हुआ था। रात करीब 10 बजे वह पार्टी से निकलकर अपने घर चला गया। कुछ देर बाद उसने फोन कर लोकेश को अपने घर आने के लिए बुलाया। इसके बाद लोकेश अपने दोस्तों विशाल पाल, लक्की और उज्जवल के साथ बाइक से सिंटू के घर की ओर रवाना हो गया।
Bijnore News: सिपाही ने व्यापारी को दी गोली मारने की धमकी, बिजनौर एसीपी ने लिया ये एक्शन
आरोप है कि सिंटू ने पहले से ही अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रच रखी थी। जैसे ही लोकेश अपने दोस्तों के साथ रास्ते में पहुंचा, वहां पहले से खड़े सिंटू उर्फ सचिन, विशाल उर्फ बिच्छू पुत्र सतीश, प्रियांशु चौहान पुत्र संजीव और सिद्धार्थ पुत्र रामू ने उसे घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपितों ने अचानक लोकेश पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक हमलावर ने लोकेश की कनपटी से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
बिजनौर और मुजफ्फरनगर पुलिस पर रिश्वतखोरी का आरोप, वायरल वीडियो ने खोली पोल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोकेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर भेजा गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्वजन अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Location : Amroha
Published : 15 May 2026, 1:25 PM IST
Topics : Amroha Bijnore Birthday party crime news murder Mystery