
Surya Hansda Encounter
Jharkhand News: झारखंड के गोड्डा जिले में एक बड़े पुलिस ऑपरेशन के तहत कुख्यात अपराधी और पूर्व भाजपा प्रत्याशी सूर्या हांसदा को एनकाउंटर में मार गिराया गया। यह मुठभेड़ बोआरिजोर थाना क्षेत्र के जिरली समारी पहाड़ी के पास हुई। जहां पुलिस हथियारों की बरामदगी के लिए गई थी। सूर्या हांसदा के खिलाफ अपहरण, हत्या, आगजनी और लूट जैसे संगीन अपराधों के तहत मुकदमा दर्ज है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
पुलिस ने बताया कि रविवार को सूर्या हांसदा को देवघर से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने गोड्डा के ललमटिया जंगल में छिपाए गए हथियारों की जानकारी दी। पुलिस जब उसे साथ लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची, तो उसने पुलिस का हथियार छीनने की कोशिश की और भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें सूर्या हांसदा मारा गया। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चुनाव लड़ा, पर जीत नहीं मिली
सूर्या हांसदा का अपराध के साथ राजनीति में भी खास दखल रहा है। वह साहिबगंज जिले की बोरियों विधानसभा सीट से चार बार चुनाव लड़ चुका था, लेकिन हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2019 में बीजेपी ने उसे उम्मीदवार बनाया था, लेकिन 2024 के चुनाव में टिकट न मिलने से वह नाराज हो गया। इस बार वह जेएलकेएम पार्टी से चुनाव लड़ा, लेकिन फिर भी जीत हासिल नहीं कर सका।
कितने मामले थे दर्ज?
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सूर्या हांसदा पर अपहरण, हत्या, आगजनी, लूट, अवैध हथियारों का इस्तेमाल और खदान क्षेत्र में फायरिंग जैसे दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज थे। वर्ष 2024 की शुरुआत से ही उसके खिलाफ गोड्डा और साहिबगंज जिलों में तीन नए केस दर्ज हुए हैं। जिनमें ईसीएल खदान क्षेत्र में 30–40 राउंड फायरिंग, हाइवा फूंकने और पेट्रोल पंप के पास आगजनी की घटनाएं शामिल हैं।
Location : Jharkhand
Published : 11 August 2025, 6:32 PM IST