Agra: पिता ने बेटी को मारा, फिर खुद थाने पहुंचकर बोला- “जाओ, देख लो…” घर में पड़ी थी 17 साल की लविष्का की लाश

पंचगाई खेड़ा गांव में बेटी की एक युवक से दोस्ती से नाराज पिता ने 17 वर्षीय लविष्का की हत्या कर दी। आरोपी ने बांके से सिर पर वार करने के बाद उसका गला दबा दिया। वारदात के बाद वह खुद थाने पहुंचा और पुलिस को हत्या की जानकारी दी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 4 September 2026, 9:10 AM IST

Agra: एकता थाना क्षेत्र के पंचगाई खेड़ा गांव में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी लविष्का की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटी की गांव के ही दूसरी जाति के युवक से दोस्ती को लेकर पिता नाराज था। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को बेटी की हत्या की जानकारी दी।

लापता होने के बाद घर लौटी थी किशोरी

पंचगाई खेड़ा निवासी चंद्रवीर बिल्डिंग मटेरियल की दुकान चलाता है। उसकी बेटी लविष्का इंटरमीडिएट की छात्रा थी। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह घर से सामान लेने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद पिता ने एकता थाने में बेटी के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। रात करीब एक बजे किशोरी वापस घर लौट आई।

दोस्ती को लेकर घर में चल रहा था विवाद

पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी की गांव के ही एक युवक से दोस्ती थी। वह दूसरी जाति का था। पिता के मुताबिक, उसने बेटी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी दोस्ती खत्म करने को तैयार नहीं थी। इस बात को लेकर पिछले दो दिनों से घर में विवाद चल रहा था।

बेड पर आराम कर रही थी बेटी, तभी हमला

गुरुवार दोपहर लविष्का की मां रजनी बाजार चली गई थीं, जबकि भाई लवकुश गुरुग्राम में नौकरी करता है। शाम करीब 4:30 बजे लविष्का घर में बेड पर आराम कर रही थी। इसी दौरान पिता ने उस पर बांके से हमला कर दिया। उसने बांके को उल्टा करके बेटी के सिर पर वार किया। सिर से खून निकलने के बाद जब वह तड़पने लगी तो आरोपी ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता खुद एकता थाने पहुंचा। उसने पुलिस से कहा कि बेटी को मार दिया है और घर में उसकी लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को बेड पर किशोरी का शव मिला। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल बांका भी बरामद कर लिया गया।

पुलिसकर्मियों की नहीं चलेगी मनमानी, UP Police के लिए नया फरमान, करना होगा ये काम नहीं तो…

बेटी की मौत पर भी नहीं जताया पछतावा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बेटी की हत्या को लेकर पछतावा नहीं जताया। उसका कहना था कि बेटी की दोस्ती की वजह से परिवार की बदनामी हो रही थी और गांव में लोग तरह-तरह की बातें कर रहे थे। आरोपी ने यहां तक कहा कि जेल जाने का भी उसे अफसोस नहीं है।

मां का रो-रोकर बुरा हाल

बेटी की हत्या की खबर मिलते ही मां रजनी मौके पर पहुंचीं और फूट-फूटकर रोने लगीं। एक तरफ बेटी की मौत और दूसरी तरफ पति के जेल जाने की स्थिति से वह पूरी तरह टूट गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि बेटी के प्रेम संबंध से नाराज होकर पिता ने हत्या की है। आरोपी खुद थाने आया और घटना की जानकारी दी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Agra

Published :  4 September 2026, 9:09 AM IST