कमरे में बंद था 6 साल का मासूम, अंदर से आती रही चीखें… सिर्फ पांच रुपये के लिए मां ने अपने ही लाल के साथ की हैवानियत

फतेहपुर में छह वर्षीय बच्चे को पांच रुपये खर्च करना भारी पड़ गया। आरोप है कि मां ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर गर्म चाकू से उसके दोनों तलवे दाग दिए। इसके बाद बच्चे को कमरे में बंद कर दिया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 8 August 2026, 11:05 AM IST

Fatehpur: मां की ममता को शर्मसार करने वाला मामला राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आया है। यहां एक छह वर्षीय मासूम को महज पांच रुपये खर्च करने पर कथित तौर पर ऐसी सजा दी गई, जिसे सुनकर हर कोई सिहर उठा। आरोप है कि बच्चे की मां ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर गैस चूल्हे पर चाकू गर्म कर उसके दोनों तलवों को दाग दिया। इसके बाद बच्चे को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया।

20 रुपये का गुटखा लाने भेजा था

जानकारी के मुताबिक घटना चार अगस्त की है। आरोप है कि बच्चे की मां ने उसे 20 रुपये देकर गुटखा लाने भेजा था। बच्चा 15 रुपये का गुटखा लेकर वापस आया और बचे हुए पांच रुपये से खाने का सामान खरीदकर खुद खा लिया।

जब उसने अपनी मां को 15 रुपये का गुटखा दिया तो वह कथित तौर पर गुस्से से आगबबूला हो गई। आरोप है कि उसने बच्चे की पिटाई की और इसके बाद गैस चूल्हे पर चाकू गर्म किया।

गर्म चाकू से तलवे दागने का आरोप

मां पर आरोप है कि उसने गर्म चाकू से बच्चे के दोनों तलवों को दाग दिया। इससे उसके पैरों में गंभीर जलने के निशान हो गए। इसके बाद बच्चे को कमरे में बंद कर दिया गया और बाहर से ताला लगा दिया गया। बच्चे ने पड़ोसियों को बताया कि उसे करीब तीन दिन से कमरे में बंद रखा गया था। इस दौरान वह लगातार डरा-सहमा रहा।

Varanasi: पहले हुआ हंगामा, फिर बरसने लगे पत्थर! रवि चौहान की हत्या से मचा हड़कंप

जन्मदिन के दौरान खुला मामला

शुक्रवार को पड़ोसी के बेटे का जन्मदिन था। इसी दौरान पड़ोसी का बेटा बच्चे को बुलाने के लिए उसके घर पहुंचा। कमरे से रोने की आवाज सुनकर उसने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन बाहर ताला लगा था। बच्चे ने अंदर से पूरी बात उसे बताई और मदद की गुहार लगाई। इसके बाद उसने अपने परिजनों को जानकारी दी। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाया तो बच्चे के झुलसे हुए पैर देखकर उनके होश उड़ गए।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी में नया ट्विस्ट! अनिल मिश्रा पर कार्रवाई की तैयारी थी, फिर ऐसा क्या हुआ कि FIR में नाम तक नहीं आया?

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

मामले की सूचना यूपी-112 को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को जिला अस्पताल ले जाकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चे के पिता भी इंदौर से फतेहपुर पहुंचे। उन्होंने राधानगर थाने में अपनी पत्नी के खिलाफ तहरीर दी।

आरोपी मां के खिलाफ FIR

राधानगर थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव के मुताबिक, पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी मां के खिलाफ बेटे को जलाने और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Fatehpur

Published :  8 August 2026, 11:05 AM IST