
करनपुर कपरिया ऊसर में आंगनबाड़ी व्यवस्था ध्वस्त (Img: Dynamite News)
Fatehpur: एक ओर सरकार बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ संचालन का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर जनपद फतेहपुर के विकासखंड देवमई अंतर्गत ग्राम पंचायत करनपुर कपरिया ऊसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार केंद्र कई महीनों से नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहा है। आरोप है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अधिकांश दिनों में केंद्र पर नहीं पहुंचतीं, जिसके कारण छोटे बच्चों की शिक्षा, पोषण और अन्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। केंद्र बंद रहने से बच्चों और अभिभावकों में निराशा का माहौल है।
ये भी पढ़ें- लव मैरिज के दो महीने बाद संविदा कर्मी की मौत, कूड़ा गाड़ी में फंदे से लटका मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
केंद्र पर आने वाले बच्चों ने बताया कि वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर पहुंचते हैं, लेकिन केंद्र का ताला नहीं खुलता। कई बार उन्हें घंटों तक बाहर इंतजार करना पड़ता है। बच्चों का कहना है कि दो से तीन घंटे तक प्रतीक्षा करने के बाद भी जब केंद्र नहीं खुलता, तो उन्हें वापस घर लौटना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र कभी-कभार ही खुलता है और इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र नियमित रूप से संचालित ही नहीं हो रहा है तो बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ कैसे पहुंचेगा।
ये भी पढ़ें- रामलला के दरबार में महापाप! मंदिर के शौचालय से शुरू हुई कड़ियां और 17 घंटे में उगल दिए 81 लाख रुपये, जानें पूरा सच
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को शिक्षा, पोषण और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
Location : Fatehpur
Published : 15 July 2026, 3:05 PM IST