Fatehpur: महंगे गिफ्ट का झांसा देकर बच्चों को बनाया मोहरा, घरों से निकलवाए जेवर

फतेहपुर में बच्चों को iPhone, महंगे मोबाइल, वीडियो गेम और रुपये का लालच देकर घरों से सोने-चांदी के जेवर निकलवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन घटनाओं में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर बच्चों को डराने-धमकाने का भी आरोप है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026, 2:34 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पुलिस ने चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। जहां इसी कड़ी में फतेहपुर में नाबालिग बच्चों को आईफोन, महंगे मोबाइल, वीडियो गेम, रुपये और होटल-रेस्टोरेंट में खाना खिलाने का लालच देकर उनके ही घरों से सोने-चांदी के जेवरात निकलवाने वाले कथित गिरोह का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन घटनाओं में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बच्चों को लालच देकर घरों से निकलवाए जाते थे जेवरात!

पुलिस के अनुसार, आरोपी 12 से 14 वर्ष के बच्चों से दोस्ती बढ़ाकर उन्हें महंगे उपहार और रुपये देने का प्रलोभन देते थे। इसके बाद बच्चों को घरों में रखे सोने-चांदी के जेवरात की जानकारी हासिल करने और उन्हें लाने के लिए प्रेरित किया जाता था।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर बच्चों को डराया-धमकाया जाता था। एक मामले में नाबालिग से पहले घर से जेवरात मंगवाए गए और बाद में उसकी वीडियो बनाकर सार्वजनिक करने तथा मारने-पीटने की धमकी देकर और जेवरात लाने का दबाव बनाया गया।

तीन मुकदमों में कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, थाना कोतवाली में दर्ज तीन अलग-अलग मामलों की विवेचना के दौरान गिरोह की गतिविधियों का खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमान खान और अरश के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई गई है।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Fatehpur

Published :  15 November 2026, 2:34 PM IST