
गंगा में नहाते समय युवक लापता (Source: Dynamite News)
Farrukhabad: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद गंगा घाट पर हादसा हो गया। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के जीराऊ गांव निवासी 30 वर्षीय संतोष अपने बच्चों को गंगा में नहलाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, जीराऊ गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया था। सोमवार को कथा के समापन के बाद कलश यात्रा निकाली गई। इसमें शामिल श्रद्धालु कलश विसर्जन के लिए गंगा घाट पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि कलश विसर्जन के बाद गांव निवासी संतोष अपने बच्चों को गंगा में नहलाने के लिए नदी में उतरे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। इसके बाद युवक की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बावजूद समाचार लिखे जाने तक संतोष का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
संतोष के गंगा में लापता होने की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घाट पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घाट पर मौजूद लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी है। संतोष का पता चलने के बाद ही घटना से जुड़ी आगे की जानकारी सामने आ सकेगी।
Location : Farrukhabad
Published : 22 October 2026, 12:54 PM IST