हिंदी
झंडे पर AK-47 की तस्वीर से मचा विवाद (Source: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के मझौलीराज कस्बे में एक झंडे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मकान के सामने लगाए गए इस्लामिक झंडे पर उर्दू में लिखे शब्दों के साथ नीचे AK-47 की तस्वीर बनी होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने झंडे को उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मझौलीराज के वार्ड नंबर 8 में एक मकान के सामने लगाए गए झंडे को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति बन गई। बताया गया कि झंडे पर उर्दू में कुछ शब्द लिखे थे और उसके नीचे AK-47 जैसी तस्वीर बनी हुई थी। तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए झंडे को उतरवाया और उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, झंडा वार्ड नंबर 8 निवासी मोहम्मद अरशद पुत्र शमशुद्दीन के घर के सामने लगाया गया था। झंडा उतारे जाने के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों और झंडे की जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह झंडा वार्ड नंबर 8 निवासी मोबीन पेंटर ने बनाया था।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 197 के तहत कार्रवाई की गई है।
सीओ सलेमपुर गौरध सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस और प्रशासन घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रहा है।
PM किसान की 24वीं किस्त अटक न जाए! 2000 रुपये पाने के लिए किसानों को तुरंत निपटाने होंगे ये 3 काम
पुलिस प्रशासन ने बताया कि फिलहाल मझौलीराज में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी जानकारी को बिना पुष्टि के आगे न बढ़ाएं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 24 August 2026, 10:25 AM IST