पत्थरबाजी, विरोध और फिर भारी पुलिस बल… देवरिया के लवकनी गांव में आखिर क्या हुआ? जानिए पूरा मामला

देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लवकनी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को लेकर हुए विवाद के बाद हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और अफवाहों से बचने की अपील करते हुए मामले की जांच जारी रखे हुए है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 July 2026, 10:39 AM IST

Deoria: गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लवकनी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद शुक्रवार सुबह तक हालात नियंत्रण में बताए गए हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने का मामला

प्रशासन के अनुसार सरकारी खलिहान की भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति के डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तथा संबंधित लोगों से बातचीत करते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान कुछ लोगों ने प्रतिमा हटाने का विरोध किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पथराव के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

विरोध के दौरान पथराव की घटना भी सामने आई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आवश्यक बल का प्रयोग किया और कई लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

22 कांवड़िए साथ चले, लेकिन सबकी नजरें सिर्फ इस एक कांवड़ पर टिक गईं… वजह जानकर आप भी कहेंगे- आज भी जिंदा है ‘श्रवण कुमार’

दोषियों की पहचान कर होगी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने और पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। साक्ष्य मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

खाकी की शर्मनाक करतूत: शराबी पुलिसकर्मी की टक्कर से बुजुर्ग ने तोड़ा दम, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर हंगामा

गांव में शांति, लेकिन सतर्क है प्रशासन

फिलहाल लवकनी गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है, हालांकि एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा न करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सामान्य स्थिति पूरी तरह बहाल करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Location :  Deoria

Published :  31 July 2026, 10:29 AM IST