
महिला ने ज्वेलरी के दुकानदार पर लगाया गंभीर आरोप (Img: Dynamite News)
Deoria: सदर कोतवाली क्षेत्र के सीसी रोड स्थित शिवपुरम कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने अपने सोने के टॉप्स को लेकर ज्वेलरी दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके पति ने उसकी गैरमौजूदगी में सोने का टॉप्स एक ज्वेलरी दुकान पर बेच दिया। जानकारी मिलने के बाद जब वह पति के साथ दुकान पहुंची और अपना सामान वापस मांगा तो मामला बिगड़ गया।
शिवपुरम कॉलोनी निवासी प्रवीणा मिश्रा, पत्नी यजुवेन्द्र मिश्रा, ने सदर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह एक प्राइवेट शिक्षिका हैं। महिला के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच वह विद्यालय गई थीं। इसी दौरान उनके पति कथित तौर पर सीसी रोड स्थित महारानी ज्वेलर्स एंड ब्रेकर्स की दुकान पर पहुंचे और सोने का टॉप्स बेच दिया।
महिला का दावा है कि टॉप्स के बदले दुकानदार की ओर से उनके पति को 44 हजार रुपये दिए गए। तहरीर के मुताबिक यह रकम दो किस्तों में दी गई थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि लेनदेन के बाद दुकानदार ने एक कच्ची पर्ची दी थी।
ये भी पढ़ें- दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे नया आशियाना, सुलतानपुर प्रशासन की पहल से श्रमिकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
महिला के अनुसार, जब उसे पति द्वारा टॉप्स बेचे जाने की जानकारी मिली तो वह अपने पति के साथ ज्वेलरी दुकान पर पहुंची। उसने दुकानदार से अपना सोने का टॉप्स वापस करने की मांग की और कथित तौर पर कहा कि पति को दिए गए रुपये वह वापस करने के लिए तैयार है।
महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान दुकानदार नाराज हो गया और उसे दुकान से चले जाने के लिए कहा। इसी दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला के मुताबिक विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने कथित तौर पर पहले दी गई कच्ची पर्ची वापस मांगी और उसे फाड़कर फेंक दिया।
महिला ने अपनी तहरीर में दुकानदार सुरेश बरनवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थी और इसी का फायदा उठाकर उसके पति ने सोने का टॉप्स बेच दिया।
ये भी पढ़ें- जौनपुर में छात्र की मौत मामले मे आया नया मोड़; मां ने जहर पिलाने का लगाया आरोप
महिला का कहना है कि वह अपना सामान वापस लेने के लिए तैयार है और पति को दिए गए पैसे लौटाने की बात भी उसने दुकानदार से कही थी, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई। इसके बाद उसने 21 सितंबर 2026 को सदर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। फिलहाल इस मामले में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Location : Deoria
Published : 22 September 2026, 1:59 PM IST