जमीन बेचकर दिए 22 लाख, फिर खुला ऐसा राज कि किसान के उड़ गए होश! बोतल फैक्ट्री लगाने के नाम पर ठगी का आरोप

देवरिया में बोतल फैक्ट्री लगाने और अच्छा मुनाफा दिलाने के भरोसे एक किसान की जमीन बिकवाकर करीब 22 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। मामला तब और गंभीर हो गया, जब कथित कंपनी के मालिक से संपर्क करने पर रकम मिलने से इनकार की बात सामने आई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 August 2026, 6:34 PM IST

Deoria: देवरिया में बोतल फैक्ट्री लगाने के नाम पर करीब 22 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। खामपार थाना क्षेत्र के टड़वा गांव निवासी उमेश पाल ने गांव के ही सुजीत मिश्रा और पूर्व ग्राम प्रधान सतेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि फैक्ट्री में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का भरोसा दिया गया था। इसी भरोसे में उसने अपनी जमीन बेच दी और करीब 22 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।

मुनाफे के भरोसे बेची जमीन

उमेश पाल के मुताबिक, सुजीत मिश्रा और सतेंद्र सिंह ने उन्हें बोतल फैक्ट्री लगवाने और उसमें पैसा लगाने पर अच्छा मुनाफा होने की बात कही थी। पीड़ित का आरोप है कि इसी भरोसे के चलते उन्होंने अपनी जमीन बेच दी। जमीन से मिली करीब 22 लाख रुपये की रकम फैक्ट्री लगाने के नाम पर दे दी गई।

कुछ समय बाद जब उमेश पाल ने कथित कंपनी के मालिक से संपर्क कर अपनी रकम के बारे में जानकारी मांगी, तो मामला अचानक पलट गया। पीड़ित का दावा है कि कंपनी मालिक ने उन्हें बताया कि उसके पास उमेश पाल की ओर से कोई रकम आई ही नहीं है।

ये भी पढ़ें- इश्क की आड़ में रंजिश का खूनी खेल: प्रयागराज में गर्लफ्रेंड विवाद पर आधी रात गरजीं गोलियां, परिजनों की कांप उठी रूह

कंपनी मालिक की बात सुनकर बढ़ा शक

कंपनी मालिक से मिली इस जानकारी के बाद उमेश पाल को कथित तौर पर ठगी का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने खामपार थाने पहुंचकर शिकायत की। पीड़ित का आरोप है कि वहां अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवरिया पहुंचा और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।

उमेश पाल ने पुलिस से अपनी रकम वापस दिलाने और पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें-मेडिकल के नाम पर मौत: अस्पताल की चौखट पर टूटीं मां की सांसें, गेट के बाहर बेटी का छलका दर्द 

अब पुलिस जांच पर टिकी नजर

पीड़ित के अनुसार, पुलिस की ओर से मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, अभी पूरे मामले में आरोपों की पुलिस जांच बाकी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि 22 लाख रुपये आखिर किसके खाते या हाथों तक पहुंचे? क्या फैक्ट्री लगाने के नाम पर वास्तव में रकम ली गई या कहानी के पीछे कोई और मामला है? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। 

Location :  Deoria

Published :  12 August 2026, 6:34 PM IST