Deoria Road Accident: घर लौटते वक्त अचानक हुआ बड़ा हादसा, सड़क पर तड़पते रहे दो युवक, इलाज के दौरान दोनों की मौत

देवरिया के बरहज-सोनूघाट मार्ग पर बैरिया तिवारी गांव के पास टाटा मैजिक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 August 2026, 8:30 AM IST

Deoria: बरहज-सोनूघाट मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बैरिया तिवारी गांव के समीप बाइक सवार युवकों को सामने से आ रही टाटा मैजिक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।

टाटा मैजिक की टक्कर से सड़क पर गिरे युवक

जानकारी के अनुसार, बरहज थाना क्षेत्र के रहने वाले दोनों युवक किसी काम से करुअना की तरफ गए थे। बुधवार शाम काम निपटाकर दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बरहज-सोनूघाट मार्ग पर बैरिया तिवारी गांव के समीप पहुंचे, तभी सोनूघाट की तरफ से आ रही टाटा मैजिक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद टाटा मैजिक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

रास्ते से गुजर रहे SDM ने रुकवाया वाहन

हादसे के दौरान बरहज तहसील से काम निपटाकर लौट रहे एसडीएम बरहज शशिकांत मणि की नजर दुर्घटना पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपनी सरकारी गाड़ी रुकवाई और घटनास्थल की जानकारी ली। एसडीएम ने एंबुलेंस के लिए फोन किया।

बताया गया कि एंबुलेंस आने में कुछ समय लग रहा था। ऐसे में घायल युवकों को ऑटो से अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

‘मेरी कार टूट जाएगी, मेरे पास पैसे नहीं हैं’… भाजपा सांसद अपने ही समर्थक के सामने हाथ जोड़कर हुए खड़े, जानें पूरा मामला

इलाज के दौरान दोनों युवकों ने तोड़ा दम

अस्पताल में दोनों युवकों का इलाज शुरू किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत नहीं सुधर सकी। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बरहज थाना क्षेत्र के परासिया तिवारी निवासी लक्ष्मण पासवान (29) पुत्र राम केवल और महुई कुंवर गांव निवासी गंगेश पटेल (23) पुत्र राम आसरे के रूप में हुई है।

सावधान! पानी-पानी हुआ यूपी, मानसून की जोरदार वापसी से इन जिलों में बाढ़ जैसे हालात, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टाटा मैजिक को भी कब्जे में ले लिया है। वहीं, हादसे के बाद से फरार चालक की तलाश की जा रही है।

दो परिवारों में पसरा मातम

दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। सड़क हादसे ने एक बार फिर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अहमियत को सामने ला दिया है।

Location :  Deoria

Published :  20 August 2026, 8:30 AM IST