देवरिया की सड़कों की हकीकत आई सामने, तस्वीरें देखकर रह जाएंगे हैरान

देवरिया के बरहज–सोनू घाट मार्ग की बदहाल सड़क को लेकर समाजवादी पार्टी नेता विजय रावत ने ग्रामीणों के साथ गड्ढों में बैठकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए 21 जुलाई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 July 2026, 2:45 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बरहज विधानसभा क्षेत्र में बरहज–सोनू घाट मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को सपा नेता विजय रावत ने ग्रामीणों के साथ सड़क के गहरे गड्ढों में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से सड़क की हालत खराब है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।

'गड्ढा मुक्त अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित'

प्रदर्शन के दौरान विजय रावत ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गड्ढा मुक्त अभियान के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन बरहज–सोनू घाट मार्ग की हालत आज भी बेहद खराब है। उनका दावा है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

पहले दिया समय, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

सपा नेता ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले बरहज उपजिलाधिकारी (SDM) के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में बिजली कटौती, मोहन सेतु निर्माण, परसिया विशुनपुर देवार में कटान रोकने और बरहज–सोनू घाट मार्ग की मरम्मत जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं। पहले प्रशासन को 48 घंटे और बाद में पांच दिन का अतिरिक्त समय दिया गया, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला।

21 जुलाई से भूख हड़ताल का ऐलान

प्रशासन की चुप्पी से नाराज विजय रावत ने घोषणा की कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 21 जुलाई से बरहज–सोनू घाट मार्ग स्थित काली मंदिर के पास अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सड़क की मरम्मत और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती।

इलाज के नाम पर सब कुछ खत्म हो गया… गलत ब्लड चढ़ाने का आरोप, पति की मौत के बाद पत्नी ने मांगा इंसाफ

ग्रामीणों ने भी दिया आंदोलन को समर्थन

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। वीरेंद्र चौधरी, गुड्डू यादव, अनुरुद्ध यादव, विकास सिंह, सज्जा तिवारी, अभिषेक सिंह, अजीत प्रताप, राजू यादव, अजीत प्रसाद और श्रवण गौड़ सहित कई लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर सड़क उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और सुरक्षा दोनों के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है।

Location :  Deoria

Published :  20 July 2026, 2:45 PM IST