दिल्ली का आया नगर गूंजा गोलियों की तड़तड़ाहट से, 20 राउंड फायरिंग कर जिम ट्रे्नर को भूना

राजधानी दिल्ली के आया नगर गांव में सोमवार सुबह फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर पर अचानक हमला कर दिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 September 2026, 3:47 PM IST

New Delhi: दिल्ली के आया नगर गांव में सोमवार सुबह बदमाशों ने जिम ट्रेनर विजय कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में बदमाशों ने 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल विजय कुमार की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

आया नगर में गोलियों की गूंज, जिम ट्रेनर को बनाया निशाना

राजधानी दिल्ली के आया नगर गांव में सोमवार सुबह फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर पर अचानक हमला कर दिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने वारदात के दौरान 20 से ज्यादा राउंड फायर किए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल जिम ट्रेनर विजय कुमार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इलाके में मचा हड़कंप

मृतक की पहचान विजय कुमार पुत्र स्वर्गीय देशराज के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, विजय कुमार जिम ट्रेनर थे और सोमवार सुबह करीब 10 बजे बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

DCP साउथ मौके पर पहुंचे, जांच के लिए बनाई गईं टीमें

DCP साउथ अनंत मित्तल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस ने आया नगर गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए एसएसबी के जवानों को भी तैनात किया गया है।

आपसी रंजिश के एंगल से जांच कर रही पुलिस

दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की सही वजह सामने नहीं आई है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर कौन थे, विजय कुमार को ही निशाना क्यों बनाया गया और इस वारदात के पीछे किसका हाथ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल फतेहपुर बेरी थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

Location :  New Delhi

Published :  14 September 2026, 3:47 PM IST