दिल्ली में सनसनी: पत्नी की मौत को आत्महत्या दिखाने की कोशिश, जांच में खुला चौंकाने वाला राज

एक युवा महिला की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने कई गंभीर आरोप लगाए। बताया जा रहा है कि शुरुआती कहानी कुछ और थी, लेकिन पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। जानिए क्या था पूरा मामला।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 16 June 2026, 2:36 PM IST
google-preferred

Delhi: दिल्ली के जैतपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। प्रेम विवाह के कुछ ही महीनों बाद पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कई घंटों तक पत्नी के शव के पास ही सोता रहा। जब उसकी आंख खुली तो उसने पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई।

शराब पीने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी अंकित और उसकी पत्नी निशा का प्रेम विवाह 23 अगस्त 2025 को हुआ था। पांच जून की रात अंकित अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान निशा वहां पहुंची और उसे शराब पीने से मना किया। शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देर रात तक मामला शांत नहीं हुआ।

रातभर चलता रहा झगड़ा

बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे निशा दोबारा पति को बुलाने पहुंची। इसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। घर लौटने के बाद भी झगड़ा जारी रहा। पुलिस जांच में सामने आया कि रात करीब दो बजे गुस्से में आकर अंकित ने निशा का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव के पास ही सो गया आरोपी

जांच में खुलासा हुआ कि वारदात के बाद आरोपी घर में ही मौजूद रहा और पत्नी के शव के पास सो गया। पुलिस के मुताबिक उसे इस बात का एहसास था कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है, लेकिन उसने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। कई घंटे बीतने के बाद जब वह उठा तो उसने खुद को बचाने की योजना बनाई।

आत्महत्या दिखाने की रची साजिश

दोपहर के समय आरोपी ने घटना को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की। उसने घर में पंखे से चुन्नी बांधकर ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया, मानो निशा ने फांसी लगाकर जान दी है। इसके बाद वह घर से बाहर निकला और जोर-जोर से रोते हुए लोगों को बताया कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम जांच भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों ने हत्या की ओर संकेत किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

परिजनों के आरोपों की भी हुई जांच

निशा की मौत के बाद परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने हत्या के पीछे अन्य कारणों और कई गंभीर आरोपों की आशंका जताई थी। पुलिस ने सभी पहलुओं पर अलग से जांच की। आरोपी के दोस्तों, आसपास के लोगों और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

जांच पूरी होने के बाद गिरफ्तार हुआ आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी हो चुकी है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हत्या की वारदात में केवल आरोपी पति की भूमिका थी। मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या लगाए गए अन्य आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

Location :  Delhi

Published :  16 June 2026, 2:36 PM IST

Advertisement