दिल्ली में दर्दनाक हादसा, एक मजदूर को बचाने गये दो श्रमिक, तीनों की दर्दनाक मौत

दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 26 June 2026, 5:18 PM IST

Delhi: पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पहले एक मजदूर टैंक में उतरा था, लेकिन गैस के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे बचाने के लिए दो अन्य मजदूर भी अंदर गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की टीमें

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, दोपहर करीब 12:03 बजे ज्वाला पुरी फायर स्टेशन को घटना की सूचना मिली। इसके बाद दो दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। रास्ते में ट्रैफिक जाम होने की वजह से टिकरी फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त दमकल वाहन भी रवाना किया गया। बचाव कार्य के दौरान प्रशासन की जरूरत पड़ने पर एसडीएम मुंडका को भी मौके पर बुलाया गया।

बचाव अभियान के बाद तीनों को मृत निकाला गया

दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद तीनों मजदूरों को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान अरुण (38 वर्ष), संदीप (32 वर्ष) और चांद (42 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके के रहने वाले थे। हादसे के बाद परिवारों में शोक का माहौल है।

शुरुआती जांच में सामने आई यह वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पहला मजदूर जहरीली गैस की वजह से टैंक के अंदर बेहोश हो गया था। उसे बचाने के लिए बाकी दोनों मजदूर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के अंदर उतर गए, जिससे वे भी गैस की चपेट में आ गए। ऐसे हादसों में कुछ ही मिनटों में ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

मुंडका थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  26 June 2026, 5:18 PM IST