दिल्ली में कार चोरी गैंग का भंडाफोड़; 31 लग्जरी गाड़ियां बरामद, 10 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय कार चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह लग्जरी गाड़ियों को चोरी कर उनके चेसिस नंबर बदलकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचता था। पुलिस ने अब तक 31 महंगी गाड़ियां बरामद की हैं, जिनमें फॉर्च्यूनर, थार और स्कॉर्पियो जैसे मॉडल शामिल हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 2 May 2026, 4:51 PM IST

New Delhi: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक संगठित कार चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह खासतौर पर महंगी और लग्जरी गाड़ियों को निशाना बनाता था और उन्हें देशभर में बेचता था।

चेसिस नंबर बदलकर करते थे फर्जी रजिस्ट्रेशन

क्राइम ब्रांच के डीसीपी Aditya Gautam ने बताया कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। ये आरोपी पहले मांग के अनुसार गाड़ियां चोरी करते थे, फिर उनके चेसिस नंबर और इंजन नंबर से छेड़छाड़ कर देते थे। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर वाहनों को दोबारा रजिस्टर करवाया जाता था, जिससे उनकी पहचान पूरी तरह बदल जाती थी।

31 लग्जरी कारें बरामद

पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक कुल 31 लग्जरी गाड़ियां बरामद की गई हैं। इनमें Toyota Fortuner, Toyota Innova, Mahindra Thar और Mahindra Scorpio जैसे महंगे मॉडल शामिल हैं। यह सभी वाहन अलग-अलग राज्यों से चोरी किए गए थे।

 नेटवर्क देशभर में फैला

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में बिलासपुर लाइसेंसिंग अथॉरिटी का एक कर्मचारी भी शामिल है, जो फर्जी कागजात तैयार कराने में मदद करता था। इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था और यह लंबे समय से सक्रिय था।

ऑपरेशन में टीम की अहम भूमिका

इस ऑपरेशन को सफल बनाने में क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल की अहम भूमिका रही। सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र ढाका, एएसआई प्रवीण और हेड कांस्टेबल मोनित की टीम ने तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार काम कर गिरोह तक पहुंच बनाई। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Location :  New Delhi

Published :  2 May 2026, 4:51 PM IST