बुलंदशहर में 15 मिनट तक गोलियों की गूंज, दो गुटों की खूनी भिड़ंत में दो की मौत

बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव निजामपुर में लेनदेन के विवाद ने मंगलवार रात खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच करीब 15 मिनट तक फायरिंग और पथराव हुआ, जिसमें दोनों गुटों के एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 July 2026, 9:21 AM IST

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर में मंगलवार रात लेनदेन के विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि पूरा इलाका गोलियों की आवाज से दहल उठा। करीब 15 मिनट तक दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग और पथराव होता रहा। इस खूनी संघर्ष में दोनों गुटों के एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

लेनदेन के विवाद से शुरू हुआ मामला

जानकारी के अनुसार, गांव निजामपुर निवासी सोनू और अजब सिंह के परिवारों के बीच काफी समय से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों परिवार गांव के अंदर रहते हैं, जबकि गांव के बाहर सिकंदराबाद-दनकौर मार्ग पर उनकी दुकानें और मकान बने हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि मंगलवार रात दोनों पक्षों के बीच फोन पर बातचीत हुई, जो देखते ही देखते तीखी कहासुनी में बदल गई।

आमने-सामने कार भिड़ी, फिर शुरू हुई गोलियों की बारिश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष कारों में सवार होकर गांव के बाहर दनकौर रोड पर पहुंचे। यहां दोनों कारें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर के तुरंत बाद दोनों ओर से हथियार निकल आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों के साथ-साथ जमकर पथराव भी हुआ। करीब 15 मिनट तक पूरा इलाका रणक्षेत्र बना रहा और लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए।

दो लोगों की मौत, गांव में पसरा तनाव

इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Mirzapur: खुशियों की जगह पसरा मातम, प्रसूता की मौत पर परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

फोन कॉल से लेकर फायरिंग तक की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में विवाद की वजह लेनदेन सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच हुई फोन कॉल, घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Location :  Bulandshahr

Published :  15 July 2026, 9:21 AM IST