
मंदिर में दफन मिले दो दोस्तों के शव (Source: X)
Baghpat: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर परिसर से दो युवकों के शव जमीन में दबे मिले हैं। दोनों दोस्त 25 जुलाई से लापता थे। पुलिस ने देर रात खुदाई कर शव बरामद किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले के बाद मंदिर का महंत फरार है, जबकि उसके दो शिष्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सिगोली तगा निवासी इसरार और अंकित 25 जुलाई को बाइक से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 29 जुलाई को चांदीनगर थाने में दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर से मामला जुड़ा हो सकता है। पुलिस जब मंदिर पहुंची तो महंत नरेश नाथ वहां से फरार मिला। इसके बाद उसके दो शिष्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मंदिर परिसर में खुदाई कराई, जहां से दोनों युवकों के शव बरामद हुए।
चांदीनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि दोनों शव मंदिर परिसर से बरामद किए गए हैं। फरार महंत की तलाश जारी है, जबकि हिरासत में लिए गए दो शिष्यों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
Baghpat News: 16 साल की किशोरी बनी मां… फिर खुला बड़ा राज, हिमाचल से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस मृतकों के मोबाइल फोन, बाइक और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर पुरानी रंजिश और अवैध संबंधों से जुड़े विवाद की चर्चाएं सामने आई हैं, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
Location : Baghpat
Published : 13 August 2026, 12:16 PM IST
Topics : Baghpat News Ganesh Mandir Baghpat Missing Youth Case Temple Murder Case Two Friends Dead Body