
नए महासचिव के चयन पर सबकी निगाहें (Img: Pinterest)
Ayodhya: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को होने वाली अहम बैठक पर देशभर की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में मंदिर के प्रशासनिक ढांचे, वित्तीय व्यवस्था और सुरक्षा प्रणाली को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने की तैयारी में है।
बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा ट्रस्ट के नए महासचिव का चयन है। सूत्रों के मुताबिक, यह पद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से जुड़े किसी वरिष्ठ पदाधिकारी को मिल सकता है। पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद यह पद खाली है। इसके अलावा लंबे समय से रिक्त दो अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्ति की संभावना है।
चढ़ावा चोरी मामले के बाद ट्रस्ट अब मंदिर की वित्तीय व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। बैठक में नोटों की गिनती, लेखा प्रणाली, बैंकिंग व्यवस्था, डिजिटल रिकॉर्ड, निगरानी तंत्र और कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और एसआईटी जांच की प्रगति पर भी मंथन किया जाएगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास के अनुसार बैठक मणिराम दास की छावनी में आयोजित होगी। पहला सत्र दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें खाली पदों पर नियुक्तियों पर विचार किया जाएगा। दूसरा सत्र शाम 4 बजे से शुरू होगा, जिसमें प्रशासनिक सुधार, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, दिवंगत बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के रिक्त पद पर उनके पुत्र और साहित्यकार यतींद्र मिश्र को ट्रस्ट में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा अयोध्या के किसी प्रमुख संत को भी ट्रस्ट में स्थान दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के सदस्य और विहिप के वरिष्ठ पदाधिकारी अयोध्या पहुंचने लगे हैं। युगपुरुष परमानंद और जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती मंगलवार शाम अयोध्या पहुंच गए, जबकि कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि बुधवार सुबह पहुंचेंगे। वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरण बैठक में ऑनलाइन शामिल होंगे। वहीं विहिप के महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी और वरिष्ठ संरक्षक दिनेश चंद्र भी अयोध्या पहुंच चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आज की बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट की भविष्य की कार्यप्रणाली को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकते हैं।
Location : Ayodhya
Published : 22 July 2026, 8:58 AM IST
Topics : Ayodhya Ram Janmabhoomi Ram Mandir