Ayodhya Ram Mandir: आज ट्रस्ट की अहम बैठक में क्या होगा बड़ा फैसला? नए महासचिव से लेकर नई व्यवस्थाओं तक कई राज खुलने के आसार

अयोध्या में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होगी। नए महासचिव के चयन, खाली पदों पर नियुक्ति, चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद नई प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा और वित्तीय निगरानी को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 22 July 2026, 7:59 AM IST

Ayodhya: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में ट्रस्ट के संगठनात्मक ढांचे, प्रशासनिक व्यवस्था और वित्तीय निगरानी से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद यह बैठक और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ट्रस्ट प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में नई रणनीति तैयार कर सकता है।

नए महासचिव के चयन पर रहेगा सबसे बड़ा फोकस

बैठक का सबसे अहम एजेंडा ट्रस्ट के नए महासचिव का चयन माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, नए महासचिव का संबंध विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से ही होगा। पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद यह पद लंबे समय से खाली है। इसके अलावा दो अन्य रिक्त पदों पर भी नियुक्ति की संभावना जताई जा रही है।

नई व्यवस्थाओं पर होगा मंथन

बैठक में मंदिर के चढ़ावे की गणना, लेखा प्रणाली, बैंकिंग व्यवस्था, वित्तीय निगरानी, सुरक्षा तंत्र और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को लेकर नई कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा होगी। ट्रस्ट का उद्देश्य व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका न रहे।

दो चरणों में होगी बैठक

बैठक मणिराम दास की छावनी में आयोजित होगी। पहला सत्र दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें रिक्त पदों पर नियुक्तियों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। दूसरा सत्र शाम 4 बजे से होगा, जिसमें प्रशासनिक सुधार, सुरक्षा व्यवस्था, एसआईटी जांच और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

गर्मी से राहत के दिन गिने-चुने! आज प्रयागराज-आगरा समेत कई जिलों में बरसेंगे बादल, फिर बढ़ेगा 8 डिग्री तक पारा

इन नामों पर भी बनी हुई है नजर

सूत्रों के अनुसार, दिवंगत बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के रिक्त पद पर उनके पुत्र एवं साहित्यकार यतींद्र मिश्र को ट्रस्ट में शामिल किया जा सकता है। साथ ही अयोध्या के किसी प्रमुख संत को भी ट्रस्ट में स्थान मिलने की संभावना है। बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरण ऑनलाइन जुड़ेंगे, जबकि कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि समेत अन्य सदस्य अयोध्या पहुंच रहे हैं। विहिप के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी बैठक के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं।

Location :  Ayodhya

Published :  22 July 2026, 7:59 AM IST