जैश आतंकी जफर की गिरफ्तारी..मदरसों से खास Connection; बढ़ा जांच का दायरा UP ATS खंगाल रही Network

आतंकी मोहम्मद जफर की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों का फोकस सिर्फ उसकी व्यक्तिगत गतिविधियों तक सीमित नहीं रह गया है। आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) अब उसके संभावित स्थानीय नेटवर्क और संपर्कों की गहराई से जांच कर रहा है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 August 2026, 12:22 PM IST

Hapur: जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी मोहम्मद जफर की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों का फोकस सिर्फ उसकी व्यक्तिगत गतिविधियों तक सीमित नहीं रह गया है। आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) अब उसके संभावित स्थानीय नेटवर्क और संपर्कों की गहराई से जांच कर रहा है।

जांच में सामने आया है कि जफर जिले के कई मदरसों में ठहरा था और अलग-अलग लोगों के संपर्क में रहा था। इसके बाद एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि उसके संपर्क सिर्फ सामान्य जान-पहचान तक सीमित थे या इनके पीछे कोई संदिग्ध गतिविधि भी थी।

चंदा जुटाने और युवाओं को प्रभावित करने के आरोपों की जांच

ATS इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या जफर ने जिले के कुछ प्रभावशाली लोगों से कथित तौर पर बड़ी रकम जुटाई थी और क्या यह पैसा किसी आतंकी संगठन तक पहुंचाया गया।

इसके अलावा यह आरोप भी जांच के दायरे में है कि जफर ने युवाओं को कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो और साहित्य उपलब्ध कराकर प्रभावित करने की कोशिश की।

जांच एजेंसी अब उसके संपर्क में आए युवाओं से भी जानकारी जुटा रही है।

मदरसों में ठहरने की जानकारी से बढ़ी चिंता

जांच के दौरान जिले के कई मदरसों में जफर के ठहरने की जानकारी सामने आने के बाद एजेंसियों ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।

ATS यह पता कर रही है कि वह कब-कब इन स्थानों पर गया, किन लोगों से मिला और वहां उसकी गतिविधियां कैसी थीं।

छह संदिग्ध संपर्कों की खंगाली जा रही कुंडली

सूत्रों के अनुसार, ATS करीब छह संदिग्ध संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जफर किन लोगों के साथ लगातार संपर्क में था और उसकी गतिविधियों में किसी की भूमिका रही या नहीं।

इसके लिए जांच एजेंसियां:

  • मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR)
  • बैंक लेनदेन
  • सोशल मीडिया गतिविधियां
  • अन्य डिजिटल साक्ष्य

की जांच कर रही हैं।

हालांकि, जांच पूरी होने से पहले किसी भी व्यक्ति की भूमिका को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

आतंकी नेटवर्क से जुड़े हर पहलू की हो रही जांच

मोहम्मद जफर की गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां उसके पूरे संपर्क नेटवर्क को खंगाल रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या वह अकेले काम कर रहा था या उसके साथ स्थानीय स्तर पर भी कोई लोग जुड़े हुए थे।

फिलहाल ATS सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Hapur

Published :  24 August 2026, 12:22 PM IST