हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या करने वाले कहां छिपे हैं दोनों शूटर? पुलिस ने रखा 1-1 लाख का इनाम

अंकित बालियान हत्याकांड में फरार मुख्य शूटर सत्यम कादयान और आर्यन संधू पर पुलिस ने 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों के खिलाफ LOC भी जारी किया गया है। पुलिस को उनके विदेश भागने की आशंका है। यूपी एसटीएफ और मेरठ जोन की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 3 September 2026, 11:45 AM IST

Shamli: शामली के चर्चित हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे दो मुख्य शूटरों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सत्यम कादयान और आर्यन संधू पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपियों की तलाश में यूपी एसटीएफ और मेरठ जोन की पुलिस टीमें हरियाणा, दिल्ली समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मुख्य शूटरों पर पुलिस ने घोषित किया इनाम

अंकित बालियान हत्याकांड की जांच के दौरान सत्यम कादयान और आर्यन संधू का नाम मुख्य शूटरों के तौर पर सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वारदात के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अब पुलिस ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।

अंकित की कार में GPS लगाने का आरोप

जांच में सामने आया है कि सत्यम कादयान मुख्य साजिशकर्ता राकेश पंपू का करीबी रिश्तेदार है। उस पर अंकित बालियान की कार में GPS लगाने और उसकी लोकेशन ट्रैक करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद सत्यम बाइक चला रहा था, जबकि आर्यन पीछे बैठा था। दोनों को सीसीटीवी फुटेज में बाइक से फरार होते देखा गया था।

गोगी गैंग से कनेक्शन की जांच

पुलिस जांच में दोनों शूटरों के गोगी गैंग से जुड़े होने का भी दावा किया जा रहा है। सत्यम कादयान की उम्र करीब 18-19 वर्ष बताई जा रही है और वह करनाल के एक संपन्न कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखता है। वहीं, 20 वर्षीय आर्यन संधू 10वीं तक पढ़ा है। दोनों हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

विदेश भागने की आशंका, LOC जारी

पुलिस को आशंका है कि हत्या की वारदात के बाद दोनों आरोपी विदेश भागने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए उनके खिलाफ देश के सभी एयरपोर्ट पर लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कराया गया है। पुलिस अब उनकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

दो अन्य शूटर एनकाउंटर में मारे गए

इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य शूटरों, सोनीपत निवासी सुमित और मोहित, को यूपी पुलिस पहले ही एक एनकाउंटर में ढेर कर चुकी है। वहीं सत्यम और आर्यन की गिरफ्तारी अभी बाकी है। यूपी एसटीएफ और मेरठ जोन की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

Gorakhpur News: खेत में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में मचा हड़कंप; पहचान कराने में जुटी पुलिस

कई ठिकानों पर पुलिस की दबिश

पुलिस की टीमें हरियाणा और दिल्ली समेत अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्कों, संभावित ठिकानों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस का प्रयास है कि दोनों फरार शूटरों को जल्द गिरफ्तार कर हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।

Location :  Shamli

Published :  3 September 2026, 11:45 AM IST