
IPS आशुतोष मिश्रा की माँ की हत्या (Img: Dynamite News)
Ambedkar Nagar: अंबेडकर नगर के मालीपुर थानांतर्गत रूढ़ा धमरूआ गांव में IPS आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती पिछले दो हफ्तों से अकेले निवास कर रही थीं। रविवार दोपहर करीब चार बजे परिजनों को जानकारी दी गई कि वृद्ध महिला की हृदय गति रुकने से मौत हो गई है।
हालांकि, जब शव की बारीकी से जांच की गई तो उनके गले से सोने की चेन, तुलसी की माला, कान के टॉप्स, नाक की कील और पैरों की पायल नदारद थीं। शरीर से जेवर गायब होने के बाद यह साफ हो गया कि बुजुर्ग महिला की हत्या लूटपाट या किसी गहरी रंजिश के तहत की गई है।
यह भी पढ़ें: Ambedkar Nagar Accident: मिट्टी गिराने उठा था डंपर का डाला, पर पल भर में वो कैसे बन गया आग का गोला? जानें पूरा मामला
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच के लिए चार विशेष पुलिस टीमों को गांव में तैनात किया है। पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात में किसी ऐसे शख्स का हाथ हो सकता है जो घर के कोने-कोने और बुजुर्ग महिला की दिनचर्या से अच्छी तरह वाकिफ था।
घर की नौकरानी प्यारी देवी, करीबी रिश्तेदारों और अन्य संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर अलग-अलग कोणों से गहन पूछताछ की जा रही है। गांव की सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: Ambedkar Nagar: शादी से एक दिन पहले आधी रात में अचानक पूरा परिवार हुआ बीमार
इस वारदात के बाद से रूढ़ा धमरूआ गांव की गलियों में सन्नाटा और दहशत का माहौल व्याप्त है। हर जुबान पर बस यही सवाल है कि एक असहाय बुजुर्ग महिला की जान लेने के पीछे आखिर क्या मंशा थी।
आईपीएस अधिकारी की मां की हत्या का मामला होने के कारण इस पर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस जैसे मुख्य विपक्षी दलों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिससे पुलिस प्रशासन पर जल्द से जल्द मुख्य आरोपियों को बेनकाब करने का चौतरफा दबाव बन गया है।
Location : Ambedkar Nagar
Published : 19 August 2026, 11:21 AM IST