Site icon Hindi Dynamite News

Gold Price Today: सोने की कीमत में ‘करेक्शन फेज’, निवेशकों के लिए मौका या खतरा? जानिए ताजा अपडेट

उत्तर प्रदेश के सर्राफा बाजारों में गोल्ड के दाम फिर लुढ़के हैं। लखनऊ से मेरठ तक 24 कैरेट सोना ₹1,18,490 प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा। एक्सपर्ट्स के मुताबिक ये गिरावट अस्थायी है, हालांकि उनका कहना है कि ये सही वक्त है खरीदारी करने का, क्योंकि दिसंबर में फिर बढ़ सकते हैं रेट।
Post Published By: सौम्या सिंह
Published:
Gold Price Today: सोने की कीमत में ‘करेक्शन फेज’, निवेशकों के लिए मौका या खतरा? जानिए ताजा अपडेट

Lucknow: शादी-ब्याह का सीजन शुरू हो चुका है और इसी के साथ सोने-चांदी के दामों में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। सर्राफा बाजार में रोजाना कभी तेजी तो कभी गिरावट का सिलसिला जारी है। उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों- लखनऊ, नोएडा, मेरठ, वाराणसी, आगरा, गोरखपुर और कानपुर में आज यानी 10 नवंबर 2025 को सोने की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।

मौजूदा दौर में जहां शादी की तैयारियों में लोग कपड़े और गहनों की खरीदारी में जुटे हैं, वहीं सोने के बदलते भाव ने खरीदारों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। आइए जानते हैं कि आज यूपी के सर्राफा बाजारों में सोना और चांदी किस भाव पर बिक रहे हैं और आगे कीमतों में क्या रुख रह सकता है।

Gold Price Today: सोने-चांदी के भाव में फिर तेजी, क्या एक बार फिर रिकॉर्ड ऊंचाई छुएगा गोल्ड?

लखनऊ से मेरठ तक सोने का ताजा भाव

मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत ₹1,18,490 प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं 22 कैरेट गोल्ड ₹1,12,850 प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। अगर बात करें चांदी की, तो आज का रेट ₹1,65,000 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है।

शहरवार सोने के भाव (प्रति 10 ग्राम, 24 कैरेट)

लखनऊ: ₹1,18,490

मेरठ: ₹1,18,450

कानपुर: ₹1,18,420

नोएडा: ₹1,18,470

आगरा: ₹1,18,400

वाराणसी: ₹1,18,480

गोरखपुर: ₹1,18,460

अयोध्या: ₹1,18,430

हालांकि, ये दरें अनुमानित हैं और स्थानीय ज्वेलरी मार्केट में मेकिंग चार्ज और जीएसटी के आधार पर कीमतों में हल्का अंतर हो सकता है।

मेरठ से लखनऊ तक गोल्ड हुआ सस्ता (फोटो सोर्स-इंटरनेट)

शादी सीजन में सोने की मांग तेज

वेडिंग सीजन में पारंपरिक तौर पर सोने की खरीदारी सबसे ज्यादा होती है। चाहे दुल्हन के गहने हों या परिवार द्वारा दी जाने वाली ज्वेलरी, नवंबर-दिसंबर के दौरान सोने की बिक्री में कई गुना इजाफा देखा जाता है। ज्वेलर्स के मुताबिक, इस बार भी शादियों के सीजन ने बाजार में रौनक बढ़ा दी है, लेकिन दामों की अस्थिरता ने कई खरीदारों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

लखनऊ के एक प्रमुख ज्वेलर ने बताया, ‘कीमतें हर दिन ऊपर-नीचे हो रही हैं। कई ग्राहक खरीदारी को कुछ दिन टाल रहे हैं, उम्मीद है कि सोना थोड़ा सस्ता हो जाए। लेकिन वेडिंग सीजन में मांग बनी हुई है, जिससे कीमतों में बहुत बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।’

गिरावट क्यों आई सोने में?

जानकारों का कहना है कि फिलहाल सोने में जो गिरावट देखी जा रही है, वह ‘करेक्शन फेज’ है। बीते कुछ महीनों में सोने की कीमतों में 50% से ज्यादा का उछाल देखा गया था। ऐसे में अब बाजार में मुनाफावसूली का दौर चल रहा है।

इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर की मजबूती, अमेरिकी ब्याज दरों में स्थिरता और वैश्विक सोने की मांग में थोड़ी सुस्ती के चलते भी भारतीय बाजार पर असर पड़ा है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि अगर जियो-पॉलिटिकल तनाव या आर्थिक अस्थिरता बढ़ती है, तो सोने की कीमत फिर से ऊपर जा सकती है।

गोल्ड निवेशकों के लिए संकेत

निवेश के लिहाज से सोना हमेशा से सुरक्षित एसेट माना जाता रहा है। मौजूदा समय में कीमतों में जो गिरावट आई है, वह निवेशकों के लिए एक अच्छा अवसर साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबी अवधि के निवेशक इस समय थोड़ा-थोड़ा सोना खरीदकर अपने पोर्टफोलियो में जोड़ सकते हैं, क्योंकि आने वाले महीनों में इसकी कीमत फिर से ऊपर जाने की संभावना है।

चांदी में भी हलचल, बढ़ सकती है मांग

सोने के साथ-साथ चांदी के भाव में भी तेजी-गिरावट जारी है। आज चांदी ₹1,65,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है। शादी के मौसम में चांदी के सिक्के, बर्तन और ज्वेलरी की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। ज्वेलर्स का कहना है कि चांदी में उतार-चढ़ाव के बावजूद खरीदारों की दिलचस्पी बनी हुई है।

Gold Price Today: सोने-चांदी के भाव में नहीं हुआ बड़ा बदलाव, निवेशकों में बढ़ी दिलचस्पी

क्या है आगे का अनुमान?

मौसम की तरह ही सोने के बाजार में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले हफ्तों में अगर डॉलर और क्रूड ऑयल स्थिर रहते हैं, तो सोना मौजूदा दायरे में ही रह सकता है। लेकिन अगर वैश्विक बाजार में किसी तरह की अनिश्चितता बढ़ी, तो कीमतों में फिर तेजी देखने को मिलेगी।

वहीं भारत में दिसंबर से जनवरी तक होने वाली बड़ी शादियों के चलते मांग में उछाल की पूरी संभावना है। ऐसे में सोने की कीमतें दोबारा 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार जा सकती हैं।

Exit mobile version