Tushar Mehta: मोदी सरकार ने तुषार मेहता को फिर बनाया भारत का सॉलिसिटर जनरल, जानिये कितने वर्षों के लिए हुए नियुक्त

केंद्र सरकार ने एक बार फिर देश के सबसे अहम कानूनी चेहरों में शामिल तुषार मेहता पर भरोसा जताया है। लगातार तीसरी बार उन्हें ऐसी जिम्मेदारी मिली है, जो बड़े संवैधानिक और राष्ट्रीय मामलों से सीधे जुड़ी होती है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 21 June 2026, 6:00 PM IST

New Delhi: केंद्र सरकार ने देश के दूसरे सबसे बड़े विधि अधिकारी तुषार मेहता को एक बार फिर भारत का सॉलिसिटर जनरल नियुक्त करने का फैसला किया है। सरकार की मंजूरी के बाद उनका नया कार्यकाल 1 जुलाई 2026 से शुरू होगा। यह लगातार तीसरी बार है जब उन्हें इस महत्वपूर्ण पद पर बनाए रखने का निर्णय लिया गया है।

सरकार के इस फैसले को कानूनी और प्रशासनिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है। पिछले कई वर्षों से तुषार मेहता केंद्र सरकार के सबसे भरोसेमंद कानूनी चेहरों में शामिल रहे हैं और कई बड़े मामलों में उन्होंने सरकार का पक्ष मजबूती से रखा है।

डीओपीटी के आदेश से हुई पुष्टि

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने तुषार मेहता की पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। आदेश के अनुसार वह 1 जुलाई 2026 से अगले तीन वर्षों तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, इस पद पर बने रहेंगे।

2018 से संभाल रहे हैं जिम्मेदारी

तुषार मेहता को अक्टूबर 2018 में भारत का सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के रूप में सेवाएं दे चुके थे। उनके कामकाज को देखते हुए वर्ष 2020 में उनका कार्यकाल बढ़ाया गया और फिर 2023 में भी उन्हें दोबारा नियुक्त किया गया। अब 2026 में एक और विस्तार मिलने के बाद उनका कुल कार्यकाल लगभग 11 वर्षों तक पहुंच सकता है।

कई बड़े मामलों में निभाई अहम भूमिका

सॉलिसिटर जनरल के रूप में तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट और देश के विभिन्न हाई कोर्ट में केंद्र सरकार का पक्ष रखा है। संवैधानिक मामलों से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा, नीतिगत फैसलों और कई चर्चित आपराधिक मामलों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

Bihar Politics: बिहार की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर, फिर नीतीश के हाथ आई JDU की कमान

अन्य कानून अधिकारियों को भी मिला विस्तार

कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सिर्फ तुषार मेहता ही नहीं बल्कि पांच अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरलों को भी नया कार्यकाल देने की मंजूरी दी है।

विक्रमजीत बनर्जी और के.एम. नटराज को 1 जुलाई 2026 से अगले तीन वर्षों के लिए पुनर्नियुक्त किया गया है। वहीं एस.वी. राजू, एन. वेंकटरामन और ऐश्वर्या भाटी को 30 जून 2026 से नए कार्यकाल की मंजूरी मिली है।

इसके अलावा दिल्ली हाई कोर्ट के लिए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा का कार्यकाल भी बढ़ा दिया गया है। उन्हें छह महीने के लिए या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहने की अनुमति दी गई है।

Location :  New Delhi

Published :  21 June 2026, 6:00 PM IST