
आईपीएस मयंक मिश्रा (Img- Instagram)
Bhiwani: भिवानी जिले की कानून-व्यवस्था को नया ढांचा देने के लिए 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी मयंक मिश्रा ने मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक (SP) का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार का स्थान लिया है, जिनका स्थानांतरण एसटीएफ में किया गया है। भिवानी से पहले मयंक मिश्रा पानीपत में एएसपी, पलवल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और बहादुरगढ़ में डीसीपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार संभालते ही नए एसपी मयंक मिश्रा ने अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करी, संगठित अपराध, अवैध हथियार, लूट और चोरी जैसी वारदातों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख रहेगा। उनका मुख्य उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के कोनिया खुर्द गांव में 16 सितंबर 1994 को जन्मे मयंक मिश्रा की सफलता का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। नवोदय विद्यालय सिरमौर से पढ़ाई करने के बाद वे इंजीनियरिंग के लिए भोपाल चले गए। आर्थिक तंगी के दौर में उन्होंने ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई का खर्च निकाला। इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद उनका सिलेक्शन दुबई में एक अच्छी नौकरी के लिए हुआ, लेकिन देश सेवा के जज्बे के कारण वे 3 साल बाद भारत लौट आए और यूपीएससी की तैयारी में जुट गए।
यूपीएससी की तैयारी के दौरान ही उनका चयन उत्तर प्रदेश में डीएसपी के पद पर हुआ, जहां वे मुरादाबाद में ट्रेनिंग ले रहे थे। इसके बाद अपने दूसरे ही प्रयास में मयंक मिश्रा ने यूपीएससी में 228वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर आईपीएस बनने का सपना पूरा किया। अब उनका यही कड़ा अनुभव और संघर्ष भिवानी जिले की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में काम आएगा।
Location : Bhiwani
Published : 8 September 2026, 5:50 PM IST