
बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल (Img- AI)
Patna: बिहार सरकार ने शुक्रवार रात प्रशासनिक तंत्र को और अधिक मजबूत और सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के कार्यभार में बड़ा बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस फेरबदल की सबसे खास बात युवा और 2020 बैच के अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपना है। सरकार की इस कवायद से प्रशासनिक कामकाज में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2020 बैच की तेजतर्रार IAS अधिकारी गुंजन सिंह को 'निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग' (PRD) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही वे बिहार राज्य संवाद समिति के प्रबंध निदेशक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी। वहीं, अब तक इस पद पर तैनात 2017 बैच के IAS अधिकारी अनिल कुमार को स्थानांतरित कर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
154 पेटी अवैध शराब के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, बिहार तक जुड़ा कनेक्शन; जमालपुर पुलिस ने ऐसे दबोचा
2011 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी नवीन कुमार को अब बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के एमडी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिससे उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार इस जिम्मेदारी से मुक्त हो गए हैं। इसके अलावा, खेल क्षेत्र को नया आयाम देने के लिए 2017 बैच के IAS विवेक रंजन मैत्रेय को 'निदेशक, खेल' के पद पर नियुक्त किया गया है, जिससे राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन खेल विभाग के प्रभार से मुक्त हो गए हैं।
बदलाव की इस कड़ी में 2020 बैच के IAS अभिषेक पलासिया को बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। साथ ही वे सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में संयुक्त सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय में कार्यरत 2020 बैच के IAS श्रीकान्त कुण्डलिक खाण्डेकर को उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
Location : Patna
Published : 5 September 2026, 11:44 AM IST