
नैनीताल में दूषित पेयजल से फैली बीमारी (Img: AI Generated Image)
Nainital: जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र के पांच गांवों में दूषित पेयजल से बीमारी फैलने का मामला सामने आया है। पीलिया, बुखार, उल्टी-दस्त और पेट की बीमारी से कई लोग प्रभावित हैं। इस बीच दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में मरीज अलग-अलग अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पानी में बदबू, झाग और गंदगी आने की शिकायत की जा रही थी। लोगों का कहना है कि पानी भरने पर उसमें मिट्टी, पत्थर और कंकड़ भी दिखाई दे रहे थे। इसके बाद गांवों में लोगों के बीमार पड़ने का सिलसिला शुरू हुआ।
मामला बढ़ने के बाद जल संस्थान ने पेयजल स्रोत की जांच कराई। जांच में पानी के स्रोत में सीवेज मिलने की पुष्टि हुई। जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता विशाल कुमार सक्सेना ने बताया कि दूषित स्रोत को बंद कर दिया गया है और पानी की आपूर्ति दूसरे स्रोत से शुरू की गई है। सीवर और पेयजल लाइनों को अलग करने का काम भी किया जा रहा है।
बीमारी के चलते अब दो मौतें (Img: Dynamite News)
ये भी पढे़ं- नैनीताल में पीलिया का कहर, 16 साल के छात्र समेत दो की मौत से मचा हड़कंप
बताया गया कि छीड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय नीमा की बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं गाजा गांव के 16 वर्षीय उमेश्वर जीना ने दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
क्षेत्र में कई मरीज नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल, हल्द्वानी, बरेली और दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती हैं। नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में 25 से अधिक पीलिया के मरीजों के भर्ती होने की जानकारी सामने आई है। सीएमओ की ओर से प्रभावित क्षेत्र में डॉक्टरों की टीम भी भेजी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पेयजल स्रोत के पास सीवर प्लांट होने के कारण लंबे समय से सीवर का पानी पेयजल लाइन में मिल रहा था। ग्रामीणों ने पानी को लेकर लगातार शिकायतें की थीं। बाद में ग्रामीणों के विरोध और अनशन के बाद 27 अगस्त को दूषित पेयजल लाइन को काटा गया।
ये भी पढे़ं- दिल्ली हादसे से सहमा देहरादून: 21 जर्जर मकान बने टाइम बम; खाली कराने में छूटे प्रशासन के पसीने
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने क्षेत्र के स्कूलों में सात दिन का अवकाश घोषित किया है। डीएम ललित मोहन रयाल ने जल स्रोतों के क्लोरीनेशन और घर-घर स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं दूषित पानी की वजह से बीमारी फैलने के मामले में जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Location : Nainital
Published : 7 September 2026, 1:03 PM IST