
वकीलों की हड़ताल
मुरादाबाद में दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के सभागार में अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बार अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि लखनऊ में साथी वकीलों पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज बेहद निंदनीय है। इस घटना में कई अधिवक्ता घायल हुए हैं।
बैठक के बाद अधिवक्ता हड़ताल पर चले गए और पूरे दिन न्यायिक कार्य ठप रहा। वकीलों ने दोषी पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
लखनऊ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में जालौन में भी अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। डिस्ट्रिक्ट जालौन बार एसोसिएशन के बैनर तले निकाले गए प्रदर्शन के दौरान अंबेडकर चौराहे से कालपी रोड तक लंबा जाम लग गया।
करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन में कई वाहन फंसे रहे। यहां तक कि एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे बाद में काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष ऋषि पटेल और महासचिव डॉ. साधना त्रिपाठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालते हुए पहुंचे।
इस दौरान वकीलों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि लखनऊ पुलिस की कार्रवाई तानाशाहीपूर्ण है और इससे पूरे प्रदेश के वकीलों में आक्रोश है।
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार से जल्द Advocate Protection Act लागू करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण अधिवक्ता खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Location : Jalaun
Published : 20 May 2026, 11:35 AM IST