नैनीताल घूमने निकलने से पहले जान लें ये बात… बारिश ने बदला पहाड़ों का पूरा नजारा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

नैनीताल में अचानक बदले मौसम ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेज बारिश के बाद शहर की सड़कों पर पानी भर गया और कई इलाकों में हालात प्रभावित हुए। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वालों के लिए खास सलाह जारी की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 4:01 PM IST

Nainital: उत्तराखंड की खूबसूरत सरोवर नगरी नैनीताल में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज बारिश के कारण शहर की रफ्तार थम गई और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। करीब डेढ़ घंटे तक हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं।

बारिश के दौरान कई नाले उफान पर आ गए और सड़कों पर पानी भर गया। हालात को देखते हुए पर्यटकों ने बाहर निकलने के बजाय होटल और अन्य सुरक्षित स्थानों पर रहना बेहतर समझा।

कई इलाकों में जलभराव

बुधवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई बारिश काफी देर तक जारी रही। लगातार पानी गिरने से मल्लीताल फ्लैट समेत शहर के कई हिस्सों में जलभराव देखने को मिला। पहाड़ी क्षेत्रों से बहकर आया कूड़ा-कचरा नैनी झील में जमा हो गया, जिससे झील का जलस्तर भी बढ़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के कारण बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हुए।

ये भी पढ़ें- ‘भू-कानून तोड़ा तो जमीन जाएगी’, नैनीताल में डीएम ने 250 वर्ग मीटर भूमि सरकार के नाम की, आखिर क्या रही वजह?

पर्यटकों के लिए मौसम विभाग की अहम सलाह

मौसम विभाग ने बताया कि जिले में मानसून अभी सक्रिय है। आने वाले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर की योजना बनाएं। बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील भी की गई है।

84.9 फीट तक पहुंचा नैनी झील का जलस्तर

लगातार बारिश के बाद नैनी झील का जलस्तर बढ़कर 84.9 फीट तक पहुंच गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों की ओर से हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

ये भी पढ़ें- Nainital: बुजुर्ग महिला से झपटमारी कर भागे थे बदमाश, पुलिस ने ऐसे सिखाया सबक

मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे पर्यटक

नैनीताल पहुंचे कई पर्यटक बारिश के कारण घूमने की अपनी योजनाएं टालकर मौसम खुलने का इंतजार करते नजर आए। पहाड़ों की खूबसूरती देखने आए सैलानियों के लिए यह बारिश एक अलग अनुभव लेकर आई। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सावधानी बरतना जरूरी हो गया है।

Location :  Nainital

Published :  5 August 2026, 4:01 PM IST