हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्राले से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने रॉन्ग साइड चल रहे ट्रकों को दुर्घटना का कारण बताते हुए प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए।

हल्द्वानी हाईवे पर स्कॉर्पियो पलटी ( Img: Dynamite News)
Haldwani: हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया। गैस प्लांट से बेरीपड़ाव के बीच एक स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में वाहन सवार कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक सामने से आ रहे एक ट्राले से टकराने से बचने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि ट्राला गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहा था, जिससे चालक को अचानक वाहन मोड़ना पड़ा। इसी दौरान स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर ट्राले की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि इस हाईवे पर स्टोन क्रशरों से जुड़े ट्रक और ट्राले अक्सर रॉन्ग साइड का इस्तेमाल करते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस मार्ग पर नियमित चेकिंग अभियान नहीं चलाया जाता और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
पति का गुस्सा, पत्नी की मौत: मोबाइल विवाद ने लिया खौफनाक रूप, पढ़ें सोनभद्र की सनसनीखेज खबर
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर सख्त निगरानी और नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।