उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से 31 मार्च तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

वाराणसी गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार (फोटो सोर्स- इंटरनेट )
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में आज से गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर पूर्वी और पश्चिमी यूपी के जिलों में इसका अधिक असर देखने को मिल सकता है।
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह दो नए पश्चिमी विक्षोभ हैं। पहला विक्षोभ बुधवार रात पाकिस्तान की ओर से सक्रिय हुआ, जिसका असर गुरुवार सुबह कुछ इलाकों में बारिश के रूप में दिखा। इसका प्रभाव शुक्रवार से और बढ़ेगा। वहीं दूसरा विक्षोभ 28 मार्च की रात से सक्रिय होगा, जो मध्य पाकिस्तान की ओर से आएगा और इसका दायरा भी व्यापक रहेगा।
इन दोनों सिस्टम के कारण 31 मार्च तक प्रदेश में "पॉकेट क्लाउड" यानी छिटपुट बादलों की स्थिति बनी रहेगी, जिससे अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, सहारनपुर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली के साथ-साथ पूर्वांचल के वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे जिलों में बारिश की अधिक संभावना है।
इसके अलावा अयोध्या, बस्ती, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
यह मौसम प्रणाली केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी। इसका प्रभाव बिहार, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी देखने को मिलेगा। उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
UP Weather Update: बदला मौसम का मिजाज, UP में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट; जानें अपने जिले का हाल
मौसम के इस बदलाव के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। कानपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है और सामान्य से करीब 5.5 डिग्री ज्यादा है।
वहीं दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जो 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन में तेज धूप और रात में ठंडक का यह अंतर लोगों को महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।