
UP Breaking Live Update
मिर्जापुर में त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने करीब 10 कुंतल मिलावटी खोये को जेसीबी से गड्ढा खोदकर नष्ट कराया। अधिकारियों ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई से मिलावट करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बदायूं के थाना कादरचौक क्षेत्र के चौडेरा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर पेड़ की छंटाई कर रहे 54 वर्षीय किसान की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फतेहपुर जनपद के जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के पनिहा नाला के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंसकर गहरे गड्ढे में बदल गया है। बारिश में गड्ढे में पानी भरने से खतरा और बढ़ गया है। रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों में हादसे की आशंका बनी हुई है। सड़क की बदहाली पर जिम्मेदार विभाग की चुप्पी सवालों के घेरे में है। राहगीरों ने तत्काल मरम्मत और सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग की है।
रामपुर: भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर बाजारों में भी रौनक है। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने से बहनों में खुशी है। वहीं दूसरी ओर मिठाइयों की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों के बजट पर असर डाला है। रक्षाबंधन पर बहन के लिए मिठाई खरीदना परंपरा का हिस्सा माना जाता है, लेकिन महंगाई के चलते कई परिवारों के सामने मिठाई और उपहार में से किसी एक का चुनाव करने की स्थिति बन गई है। इसी मुद्दे को लेकर रामपुर में 2027 विधानसभा चुनाव की संभावित भाजपा दावेदारी को लेकर सक्रिय भारत भूषण से इंटरव्यू के दौरान सवाल किया गया।
फर्रुखाबाद के जहानगंज क्षेत्र के जरारी गांव से लापता अमित सैनी 8 दिन बाद सकुशल घर लौट आया। अमित को मैनपुरी में हाईवे किनारे एक व्यक्ति ने देखा और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार उसे लेकर घर पहुंचा। अमित के लौटते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उसका स्वागत किया। परिजनों ने राहत की सांस ली।
देवरिया: एकौना थाना क्षेत्र के ग्राम नीवा में गुरुवार को बिजली का काम करते समय करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय कमलेश पासवान पुत्र कन्हैया पासवान जो बिजली मिस्त्री का काम करता था। विद्युत प्रवाह होने के कारण बुरी तरीके से झुलस गया परिजनों ने गगहा के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज कर रहे थे स्थिति काफी गंभीर होने के नाते चिकित्सक ने गोरखपुर रेफर कर दिया रास्ते में ले जाते वक्त कमलेश पासवान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही एकौना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वहीं आईएस घटना को लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
महराजगंज: नेपाल के रसुवा जिले में आई फ्लैश फ्लड के बाद भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले में जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर नारायणी नदी और सीमावर्ती क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टेल फाल के निकट एसडीआरएफ की बोट से नारायणी नदी में उतरकर राहत एवं बचाव की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मिर्जापुर पुलिस ने जिगना थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 40.545 किलो अवैध गांजा और चोरी की बोलेरो बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। जांच में बोलेरो के चोरी होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
उत्तर प्रदेश के अमेठी में टीकाकरण अभियान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में गुरुवार को जिलाधिकारी संजय चौहान ने अभियान में सहयोग ना करने वाले विद्यालयों और मदरसों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहयोग नहीं करने वाले संस्थानों की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की चेतवानी दी है। इसके साथ ही पांच सीएचओ को डीएम ने लापरवाही के चलते कड़ी फटकार लगाई।
मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लहंगपुर ओवरब्रिज के पास हादसा हो गया। टायर बदलने के लिए खड़े ट्रेलर में पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रेलर चालक संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
बलिया के बैरिया क्षेत्र के गोपालनगर टांडी में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह ने बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से राशन, पेयजल और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। DM ने भूमिहीन बाढ़ पीड़ितों को जमीन का पट्टा देने और सभी पात्र लोगों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत कार्यों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
सुलतानपुर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के मल्टीपरपज हॉल, दूबेपुर में हुई। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए चंदौली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया। मुगलसराय समेत जिले के कई क्षेत्रों में खोया, पनीर और मिठाई की दुकानों पर जांच की गई। अधिकारियों ने खोये की गुणवत्ता परखी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे। मिठाइयों में अधिक रंग के इस्तेमाल पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से गुणवत्ता वाली मिठाई खरीदने की अपील की।
महराजगंज के बृजमनगंज निवासी आशीतेष जायसवाल ने अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। वह मुंबई की स्पेस टेक कंपनी Manastu Space Technologies Private Limited के सह निदेशक हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि कंपनी द्वारा विकसित सैटेलाइट इंजन और फ्यूल तकनीक को लेकर ISRO और DRDO ने भरोसा जताया है। उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने आशीतेष को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिर्जापुर: पुलिस प्रशासन द्वारा निजी डाटा कलेक्ट किए जाने का विरोध करते हुए भाकपा (माले) ने खुला विरोध करते हुए इसे निजता का हनन बताया है। गुरुवार को भाकपा माले उत्तर प्रदेश, जिला इकाई मिर्जापुर के तत्वावधान में भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने रामबाग से विरोध जुलूस निकाला जो अस्पताल रोड, कचहरी होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना प्रदर्शन में परिवर्तित हो गया। इस दौरान कामरेड अमरेश चन्द्र भारतीय ने जिले के कोने कोने से एकत्र हुए आदिवासी, वनवासी, गरीब दलित वंचित समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा भाकपा माले कार्यकर्ताओं को उनका डेटा एकत्र करने के साथ मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। पूंजिपतियों की हिमायती सरकार के इशारे पर आदिवासी वनवासी समाज की लड़ाई लड़ने वाले लोगों को परेशान करने का नया तरीका इजाद किया गया है।
महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में नेपाल की बाढ़ का असर दिखाई देने लगा है। गुरुवार को टेलफाल के पास गंडक नदी में तीन शव उतराते मिले। इनमें दो महिलाओं और एक पुरुष का शव शामिल है। एसएसबी, एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने शवों को बाहर निकलवाया। जिलाधिकारी और एसपी ने मौके का निरीक्षण कर नदी की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
महराजगंज: निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पचमा में हुए सड़क हादसे में नौजवानों की मौत के बाद मामला अब पुलिस और कांग्रेस के बीच विवाद का रूप लेता जा रहा है। मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करने पहुंचे निचलौल विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी राजीव गुप्ता के साथ निचलौल थानाध्यक्ष द्वारा कथित अभद्रता, गाली-गलौज और धारा 151 के तहत चालान किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।
उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक सनसनी हैरान करने वाली घटना सामने आई है।जहां गुरुवार को मालती नदी में एक अज्ञात महिला का शव मिला है। जिसकी उम्र लगभग 50 वर्ष के करीब बताई जा रही है।शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरवा कर पीएम रिपोर्ट हेतु भेज दिया है।पुलिस महिला की शिनाख्त एवं अन्य विधिक कार्यवाही में जुट गई है।
बरेली भिटौरा रेलवे फाटक के पास गुरुवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में दो ट्रेन अटेंडेंट की जान चली गई। ट्रेन के रुकने के दौरान दोनों कर्मचारी नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक के पास खड़े थे। इसी दौरान दूसरी लाइन से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में दोनों आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
रायबरेली में भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीयतावादी (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने किसानों की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक सहयोग की मांग की। ज्ञापन में संगठन विस्तार की जानकारी देते हुए राजेंद्र कुमार यादव को जिला अध्यक्ष, दिनेश चंद्र त्रिवेदी को महासचिव और श्याम बिहारी त्रिवेदी को मीडिया प्रभारी बनाए जाने की जानकारी दी गई। पदाधिकारियों ने किसान हितों के मुद्दे लगातार उठाने की बात कही।
कौशांबी में आरक्षण बचाओ आंदोलन के तहत सरदार सेना की पदयात्रा पहुंची। समदा चौराहा से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और आरक्षण व सामाजिक न्याय के समर्थन में नारे लगाए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने मंझनपुर समेत कई क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। पदयात्रा आगे फतेहपुर, रायबरेली और लखनऊ की ओर बढ़ेगी।
सुलतानपुर: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ब्रह्माकुमारी शांतिकुंज की बहनों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्री विनीत जायसवाल को राखी बांधी। बहनों ने राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल ने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम और परस्पर विश्वास का प्रतीक है। पुलिस कार्यालय में आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम से रक्षाबंधन की खुशियां और भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक गरिमा देखने को मिली।
सुल्तानपुर: स्थानीय गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की सभी पांचों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ.ओम प्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’ की प्रेरणा तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह राणा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी ने अनोखा प्रदर्शन किया। सपा नेता प्रमोद यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्याज और चीनी को दूल्हा-दुल्हन बनाकर बारात निकाली और आरती उतारी। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। प्रमोद यादव ने कहा कि प्याज और चीनी 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग परेशान है।
अमेठी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्टॉल लगा कर फ्री चीनी वितरण किया।इस दौरान सपा जिला अध्यक्ष राम उदित यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि स्मृति ईरानी ने नारा दिया दिया था कि कमल का बटन दबाओ 13 रुपए किलो चीनी पाओ। उनकी सरकार भी बन गई तब भी उन्होंने अपना वायदा नहीं पूरा किया बल्कि चीनी के दाम आसमान छू रहे है।इस लिए हमने रक्षा बंधन पर चीनी वितरण का काम किया।
बरेली रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह को स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदियों ने आत्मीयता और स्नेह के साथ राखियां बांधीं। इस दौरान माहौल में भाई-बहन के रिश्ते की मिठास के साथ आपसी भाईचारे, सहयोग और महिला सशक्तिकरण की भावना भी देखने को मिली। स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने जिलाधिकारी की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। डीएम अविनाश सिंह ने भी सभी बहनों का स्नेहपूर्वक अभिवादन करते हुए उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की।
मिर्जापुर की चुनार विधानसभा क्षेत्र में खराब सड़कों को लेकर लोगों में नाराजगी है। नारायनपुर बाजार, मोटर मंडी, सब्जी मंडी, शेरपुर चौराहा और कैलहट समेत कई इलाकों में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जगह-जगह एक से डेढ़ फीट तक गड्ढे होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की है।
फतेहपुर: कस्बा थरियांव में सिंथेटिक मिठाइयों और नकली पनीर के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। असोथर रोड स्थित नीरज लोधी स्वीट्स एंड नमकीन,मोती मिष्ठान भंडार के नाम से चर्चित गोदाम पर प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाइयां और नकली पनीर बरामद किया।
महराजगंज के फरेंदा नगर पंचायत आनंदनगर कार्यालय में रक्षाबंधन पर्व पर सफाई कार्य में जुटी बहनों ने अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल को राखी बांधी। उन्होंने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए सम्मान और आभार जताया। कार्यक्रम में सभासद और कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन के जरिए स्वच्छता कर्मियों के प्रति सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया गया।
रायबरेली में रक्षाबंधन का पर्व पुलिस और स्कूली बच्चों के बीच भाई-बहन के स्नेह के रूप में देखने को मिला। स्कूली बच्चों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को राखी बांधी और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बच्चों के इस स्नेह से पुलिस अधीक्षक भी भावुक नजर आए और उन्होंने बच्चों को रिटर्न गिफ्ट देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रायबरेली के महराजगंज क्षेत्र के पूरे जालिम सिंह गांव में पक्की सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी के बाद से गांव में सड़क नहीं बनी। बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव से लोगों को भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आगामी चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र के सेमरी बगिया में दो दिन से लापता फल विक्रेता का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक उन्नाव का रहने वाला था और करीब पांच साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। आम के बाग में सड़ी अवस्था में मिले शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बारिश के महीने में रिमझिम की बारिश से बृहस्पति वार की भोर पहर विधवा असहाय महिला का कच्चा मकान गिर गया गनीमत रही की महिला को कोई छोटा नहीं आई और महिला देवघर हो गई। महेश सरकार द्वारा महिला को अभी तक कोई आवास नहीं प्राप्त हुआ था महिला कच्चा घर बसाकर अपना जीवन बचत कर रही थी
देवरिया: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पांच बार सांसद रहे स्वर्गीय विश्वनाथ राय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस नेता ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी विधानसभा चुनाव, मंदिर चढ़ावे और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र के अहमदाबाद गांव में गोदाम की सफाई कर रहे 65 वर्षीय ललता प्रसाद की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। सांप के काटने के बाद परिजन उन्हें सीएचसी बिसवां लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के बलियापुर गांव में बारिश के दौरान जर्जर दीवार गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग चेतराम की मौत हो गई। दवा लेने जा रहे बुजुर्ग अचानक गिरी दीवार के मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में सिठौली गांव के पास चलती बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। बाइक आग की लपटों में घिरते ही चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी। मौके पर मौजूद राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
बलिया: महावीरी झंडा जुलूस के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर रूट डायवर्जन लागू किया है। 28 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे से जुलूस समाप्ति तक शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को विभिन्न नो-एंट्री प्वाइंटों पर रोका जाएगा। वहीं, दोपहर 3 बजे से जुलूस समाप्ति तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
बदायूं के कोतवाली बिसौली क्षेत्र में आज सुबह तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अग्निवीर की लिखित परीक्षा पास कर चुके 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है।
मिर्जापुर में अहरौरा-चकिया मार्ग पर गड़ई नदी का पानी सड़क पर आने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मदारपुर गांव के पास स्थित पुल पर बुधवार को भी दो फीट से अधिक पानी बहने के कारण आवागमन बाधित रहा। वहीं, अहरौरा बांध से करीब 450 क्यूसेक पानी की निकासी किए जाने से जमालपुर क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है अहरौरा बांध से पानी निकासी के चलते अहरौरा-चकिया मार्ग पर मदारपुर गांव के पास गड़ई नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पुल के ऊपर दो फीट से अधिक पानी बह रहा है, जिससे राहगीरों और वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद हुआ है।
हाथरस: अलीगढ़-आगरा रोड पर गुरुवार सुबह सिसोदिया ढाबे के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक करने के दौरान एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में रोडवेज बस चालक समेत करीब डेढ़ दर्जन यात्रियों के घायल होने की सूचना है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र में घाघरा नदी का तेज कटान ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। नागेशरपुरवा के शुकुलपुरवा गांव में कटान के चलते लोग घर खाली कर सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। ग्रामीण नावों और सिर पर गृहस्थी का सामान लेकर पलायन को मजबूर हैं। प्रशासन निगरानी कर रहा है, लेकिन ग्रामीणों की चिंता सिर्फ मुआवजे नहीं, बल्कि उजड़ते आशियानों की है।
सिसवा क्षेत्र के वीसोखोर में स्थित सी.बी.एस. पब्लिक स्कूल के छात्राओं ने गुरुवार को झुलनीपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल कैंप में पहुंचकर जवानों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया। इस दौरान छात्राओं ने देश की रक्षा में तैनात जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की, जबकि जवानों ने भी बच्चों की सुरक्षा व स्नेह का वचन दिया।
हमीरपुर जिला अस्पताल में नशेबाजी का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वीडियो में एक बाहरी युवक सरकारी रेस्ट रूम में कुर्सी पर बैठा नजर आ रहा है। युवक के पास शराब और सिगरेट होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच की मांग की जा रही है।
कानपुर के गंगा बैराज के पास नत्थूपुरवा गांव में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा निजी कंपनी का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट की मौत हो गई, जबकि को-पायलट गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई।
यहां पढ़ें पूरी खबर - Kanpur Plane Crash: गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट की मौत; को-पायलट घायल
हमीरपुर में लगातार बारिश की वजह से चंद्रवाल और सिहोर नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। मौदहा इलाके के कई गांव जिनमें सिजनाउदा, नारायच, भमोरा, भवानी, पधोरी, लरौंड और मदारपुर शामिल हैं बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गांवों में पानी घुसने से रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ा है और आवाजाही में रुकावट आई है। प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।
हमीरपुर के सिसोलर कस्बे के विलोहटा मंदिर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंदिर परिसर में अराजक तत्वों द्वारा खुदाई किए जाने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि मंदिर में मौजूद हनुमान जी की मूर्ति को खोदने और खंडित करने का प्रयास किया गया। कि खुदाई के पीछे मंदिर में छिपे किसी खजाने की तलाश की आशंका है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फतेहपुर: सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 12 के छात्र की मौत के बाद विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों के अनुसार परीक्षा के दौरान छात्र के पास कथित रूप से पर्ची मिलने पर प्रधानाचार्य नाराज हो गए। आरोप है कि छात्र पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और उसे रिस्टीकेट कर दिया गया। इसी दौरान छात्र की कथित पिटाई किए जाने की बात भी सामने आ रही है।परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद छात्र साइकिल से कहीं जा रहा था। इसी दौरान मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा के पास वह अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने छात्र के विद्यालय आई-कार्ड के जरिए परिजनों का नंबर हासिल कर उन्हें सूचना दी। इसके बाद परिजन छात्र को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में छात्र ने दम तोड़ दिया।मृतक छात्र की पहचान तेजस उर्फ यशु पुत्र दिलीप द्विवेदी, निवासी मुरांव के रूप में बताई गई है। वह विद्यालय में कक्षा 12-बी का छात्र था।
मुजफ्फरनगर में डिलीवरी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल को सील कर दिया है।
Location : Lucknow
Published : 27 August 2026, 8:15 AM IST