
यूपी की सभी छोटी-बड़ी खबर (Img: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुलायम सिंह बाराबंकी जिले का निवासी है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और कथित वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हाथरस के ग्राम हतीसा भगवन्तपुर में 7.17 करोड़ रुपये की लागत से अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ परियोजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता न करने और तय समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए। परियोजना को 31 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।
बलिया में वर्ष 2026 के लिए प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने जिले के 22 थाना क्षेत्रों में कुल 100 स्थान चिह्नित किए हैं। इनमें पोखर, तालाब, नदियों के छाड़न, घाट और नहर के आसपास के निर्धारित स्थल शामिल हैं। शहर कोतवाली, दुबहड़, फेफना, नरही, बैरिया, हल्दी, रेवती, सिकंदरपुर, रसड़ा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में विसर्जन की व्यवस्था की गई है। समितियों से निर्धारित स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की गई है।
मीरजापुर के जिगना थाना क्षेत्र के खैरा गांव में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जय कृष्ण उपाध्याय के बंद मकान में चोरी की घटना सामने आई है। शनिवार शाम घर लौटने पर परिजनों ने 10 कमरों के ताले टूटे और अलमारी व संदूक खुले पाए। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने में जुटी है।
रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र के छोटी टिकरिया गांव में 37 वर्षीय रीता का शव खेत में खून से लथपथ मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि महिला शौच के लिए घर से निकली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Location : Lucknow
Published : 18 October 2026, 10:21 AM IST