इटावा-भिंड मार्ग पर हाहाकार, चंबल पुल एक्सीडेंट के बाद दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतारें

इटावा-भिंड राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-719) स्थित उदी के चंबल पुल पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे के चलते यूपी-एमपी बॉर्डर पर करीब चार किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। चिलचिलाती गर्मी के बीच चार घंटे तक हजारों यात्री हाईवे पर फंसे रहे, जिसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने क्रेन की मदद से रास्ता साफ कराया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 June 2026, 7:03 PM IST

Etawah: उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश राज्य के जिला इटावा-भिंड राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-719) स्थित उदी के चंबल पुल पर बुधवार दोपहर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब चार घंटे तक चले जाम के कारण हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया मंजर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ट्रकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुल पर आवागमन ठप हो गया। दुर्घटना के बाद इटावा की ओर बढ़पुरा क्षेत्र स्थित चंबल पुल से लेकर नगला गौर तक करीब चार किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। वहीं भिंड की ओर भी बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंस गए।

बसों-कारों में बेहाल दिखे यात्री

भीषण गर्मी के बीच बसों, कारों और अन्य वाहनों में सवार लोग घंटों तक सड़क पर फंसे रहे। पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।

Etawah News: खेलने निकले दो मासूमों के खेत में मिले शव, आखिर मौत कैसे हुई? जांच में जुटा प्रशासन

दो राज्यों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमावर्ती थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हटाने का अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों ट्रकों को पुल से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका। हालांकि समाचार लिखे जाने तक कई स्थानों पर वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे थे और जाम पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका था।

बाल-बाल बचे लोग-थानाध्यक्ष

बढ़पुरा थानाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को हटवा दिया गया है और यातायात सामान्य करा दिया गया है। सौभाग्यवश हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

Location :  Etawah

Published :  3 June 2026, 7:03 PM IST