अतीक के बेटे उमर का काफिला विवादों में, टोल पर ‘दबंगई’ का आरोप; 28 वाहनों पर मुकदमा दर्ज

माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को पैरोल पर प्रयागराज लाने के दौरान उसके काफिले पर गंभीर आरोप लगे हैं। नवाबगंज टोल प्लाजा पर बिना टोल दिए बैरियर तोड़ने, कर्मचारियों से अभद्रता और धमकी देने के मामले में 28 नामजद वाहनों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 August 2026, 2:45 AM IST

Prayagraj : माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को पैरोल पर प्रयागराज लाने के दौरान उसके काफिले पर गंभीर आरोप लगे हैं। नवाबगंज टोल प्लाजा पर कथित रूप से नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए काफिले में शामिल वाहनों के चालकों ने बिना टोल दिए बैरियर तोड़कर निकलने की कोशिश की। टोल कर्मचारियों ने रोकने का प्रयास किया तो गालीगलौज, धमकी और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में पुलिस ने 28 नामजद वाहन चालकों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टोल प्लाजा पर मचा हड़कंप

नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जयप्रकाश यादव की तहरीर पर दर्ज एफआईआर के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 3:45 बजे पुलिस सुरक्षा के बीच उमर अहमद को लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था।

एक साल से पुलिस को दे रहा था चकमा…1 लाख का इनामी गैंगस्टर आखिर STF के जाल में फंसा, प्रयागराज में ऐसे हुई गिरफ्तारी

आरोप है कि पुलिस के वाहन टोल प्लाजा से निकलने के बाद पीछे चल रहे करीब 28 वाहन अचानक टोल बूथ नंबर तीन पर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, इन वाहनों के चालकों ने टोल शुल्क जमा किए बिना तेज रफ्तार में बैरियर तोड़ना शुरू कर दिया और जबरन आगे निकल गए।

कर्मचारियों को कुचलने का प्रयास करने का आरोप

टोल कर्मचारियों का आरोप है कि जब उन्होंने काफिले में शामिल वाहनों को रोकने की कोशिश की तो चालकों ने उनके साथ अभद्रता की और गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

एफआईआर में दावा किया गया है कि कुछ वाहन चालकों ने कर्मचारियों को डराने के लिए तेज रफ्तार में वाहन उनकी ओर बढ़ाए। कर्मचारियों ने किसी तरह किनारे हटकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद टोल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

नंबर प्लेट गायब, CCTV से खुलेगा राज

पुलिस जांच में सामने आया है कि काफिले में शामिल कुछ वाहनों के नंबर अधूरे थे। कई वाहनों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। ऐसे में पुलिस अब टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस फुटेज के आधार पर वाहनों के रंग, मॉडल और अन्य पहचान जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। नवाबगंज थाना प्रभारी पंकज अवस्थी ने बताया कि वाहनों के नंबर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चालकों की पहचान की जा रही है।

पैरोल पर रिहाई के बाद विवादों में उमर का काफिला

अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को पैरोल पर प्रयागराज लाए जाने के दौरान सामने आया यह मामला अब पुलिस जांच के घेरे में है। काफिले में शामिल लोगों की भूमिका, वाहन चालकों की पहचान और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

Location :  Prayagraj

Published :  10 August 2026, 2:45 AM IST